दीपक टंडन पर ठगी की FIR की हैट्रिक, कोयला टेंडर, लग्जरी कार और रेस्टोरेंट के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी के आरोप

रायपुर: छत्तीसगढ़ में DSP कल्पना वर्मा प्रकरण से चर्चा में आए होटल कारोबारी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन की मुश्किलें लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। बिलासपुर में गिरफ्तारी के बाद अब आरोपी के खिलाफ ठगी और धोखाधड़ी के तीन नए मामले सामने आए हैं। आरोप है कि शासन-प्रशासन में ऊंची पहुंच का रसूख दिखाकर कोयला टेंडर, लग्जरी कार और वीआईपी रोड स्थित रेस्टोरेंट व जमीन के सौदे के नाम पर लाखों रुपये की रकम वसूली गई। रायपुर के तेलीबांधा और सक्ती थाने में दर्ज इन FIR के बाद मामले में एक और शिकायत सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
तीन FIR, तीन तरीके और लाखों की ठगी के आरोप
मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन निवासी कोरबा, वर्तमान पता रायपुर और उसके सहयोगियों पर अलग-अलग लोगों को अपने प्रभाव और बड़े अधिकारियों से संपर्क होने का भरोसा दिलाकर रकम लेने के आरोप हैं। इन शिकायतों में कोयला खदान का टेंडर दिलाने, फॉर्च्यूनर लीजेंडर कार बेचने और वीआईपी रोड स्थित रेस्टोरेंट एवं जमीन का सौदा कराने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की बात कही गई है। तीनों मामलों में पुलिस ने शिकायतों के आधार पर BNS की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया है।
1. कोयला टेंडर का झांसा, 15 लाख रुपये लिए
सक्ती में ट्रांसपोर्टर ने दर्ज कराई शिकायत, बंद बैंक खाते के चेक देने का आरोप सक्ती जिले के वार्ड नंबर-6 गुरुद्वारा निवासी ट्रांसपोर्टर एवं कोयला कारोबारी किशन शर्मा ने आरोपी दीपक टंडन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, मार्च 2022 से दिसंबर 2025 के बीच आरोपी ने प्रार्थी से संपर्क कर शासन-प्रशासन में अपनी मजबूत पकड़ और बड़े लोगों से संबंध होने का दावा किया। इसी रसूख के आधार पर कोयले का बड़ा टेंडर दिलाने का भरोसा दिलाया गया। आरोप है कि टेंडर दिलाने के नाम पर आरोपी ने 15 लाख रुपये नकद ले लिए। रकम की गारंटी के तौर पर HDFC बैंक के दो चेक दिए गए, जिनमें एक चेक चार लाख रुपये का और दूसरा ब्लैंक बताया गया है। लेकिन जब प्रार्थी ने चेक के संबंध में बैंक से जानकारी ली तो पता चला कि संबंधित बैंक खाता कई साल पहले ही बंद हो चुका था। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
2. फॉर्च्यूनर लीजेंडर के नाम पर 20 लाख की चपत
गाड़ी के कागजात दिखाए, स्टाम्प पेपर पर एग्रीमेंट भी कराया, लेकिन वाहन नहीं मिला रायपुर के शंकर नगर स्थित वीआईपी स्टेट निवासी बियर व्यवसायी आशीष जायसवाल ने तेलीबांधा थाने में दूसरी शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, आरोपी दीपक उर्फ अंबेडकर टंडन ने अपनी बताकर सफेद रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर लीजेंडर (CG04-MS-0007), मॉडल 2023 बेचने का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने वाहन की डिलीवरी रसीद और लक्ष्मी मोटर्स से संबंधित अन्य दस्तावेज दिखाकर गाड़ी के री-सेल का भरोसा दिलाया। इसके बाद 20 लाख रुपये नकद लिए गए। 19 अगस्त 2025 को स्टाम्प पेपर पर एग्रीमेंट भी कराया गया। लेकिन आरोप है कि रकम लेने के बाद न तो वाहन सौंपा गया और न ही पैसे लौटाए गए। रकम वापस मांगने पर टालमटोल, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। तेलीबांधा पुलिस ने BNS की धारा 296, 318(4) और 351(2) के तहत अपराध दर्ज किया है।
3. VIP रोड के रेस्टोरेंट और जमीन का सौदा, 36 लाख से ज्यादा की ठगी
तीसरा मामला भी रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज कराया गया है। इसमें आशीष जायसवाल के साथ-साथ बरखा टंडन का नाम भी शिकायत में शामिल है। शिकायत के मुताबिक, वीआईपी रोड स्थित एटमास्फिरिया नाम से संचालित रेस्टोरेंट और उससे जुड़ी करीब 16,500 वर्गफीट जमीन का सौदा 1.16 करोड़ रुपये में तय हुआ था।इस सौदे के तहत प्रार्थी और उसके दोस्तों के बैंक खातों से वेलकमश्री होटल के बैंक खातों में ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और टोकन राशि के रूप में कुल 36,00,016.70 रुपये ट्रांसफर किए गए तथा नकद भुगतान भी किया गया। आरोप है कि बाद में पता चला कि संबंधित जमीन आरोपी के नाम पर नहीं थी। इसके बाद जब रकम वापस मांगी गई तो आरोपियों ने कथित तौर पर टालमटोल शुरू कर दी। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रकम वापस मांगने पर एससी/एसटी एक्ट में फंसाकर जीवन बर्बाद करने की धमकी दी गई। पुलिस ने इस मामले में BNS की धारा 296, 3(5), 318(4) और 351(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
DSP कल्पना वर्मा प्रकरण के बाद फिर चर्चा में दीपक टंडन
DSP कल्पना वर्मा पर आरोप लगाकर सुर्खियों में आए दीपक टंडन का नाम अब लगातार नए विवादों में सामने आ रहा है। बिलासपुर में गिरफ्तारी के बाद रायपुर में आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़ी सरिता वाजपेयी की शिकायत और अब तीन अन्य FIR ने मामले को और गंभीर बना दिया है। फिलहाल इन मामलों में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस कर रही है। शिकायतों में सामने आए वित्तीय लेनदेन, बैंक खातों, वाहन के दस्तावेज और जमीन के स्वामित्व से जुड़े तथ्यों की जांच इस पूरे प्रकरण में अहम हो सकती है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या इन कथित लेनदेन के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय था?




















