Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

महादेव सट्टा मामले में रायपुर कोर्ट ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड में भेजा जेल

8 दिन की CBI पूछताछ खत्म, रायपुर केंद्रीय जेल में रहेगा आरोपी, ED की वारंट संबंधी अर्जी कोर्ट ने की खारिज,महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत ने 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। CBI ने आठ दिन की पूछताछ के बाद दोबारा कस्टडी नहीं मांगी। जांच में हवाला, कथित प्रोटेक्शन मनी, पैनल ऑपरेटरों और सट्टा नेटवर्क से जुड़े आर्थिक लेनदेन की पड़ताल जारी है।
महादेव सट्टा मामले में रायपुर कोर्ट ने सौरभ चंद्राकर को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड में भेजा जेल

रायपुर: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत ने बड़ा झटका देते हुए 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आठ दिन की CBI कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद गुरुवार, 12 नवंबर को उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में पेश किया गया। CBI ने दोबारा पुलिस रिमांड की मांग नहीं की और आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया। अदालत के आदेश के बाद अब सौरभ चंद्राकर रायपुर केंद्रीय जेल में रहेगा।

8 दिन की पूछताछ खत्म, अब जेल में कटेंगे दिन

CBI की आठ दिवसीय पूछताछ के बाद सौरभ चंद्राकर को रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया गया। इस दौरान CBI और ED के अधिकारी भी मौजूद रहे। CBI ने अदालत को बताया कि फिलहाल आरोपी की दोबारा कस्टडी की आवश्यकता नहीं है। इसके बाद अदालत ने उसे सात दिनों की न्यायिक रिमांड पर भेज दिया। अब 19 नवंबर को उसकी न्यायिक हिरासत की अवधि पूरी होने पर अगली कानूनी कार्रवाई होगी।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर पर CBI-ED आमने-सामने, कोर्ट में रिमांड पर घमासान

ED को झटका, नॉन-बेलेबल वारंट की अर्जी खारिज

अदालत में सुनवाई के दौरान प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से नॉन-बेलेबल वारंट निष्पादित कराने के लिए आवेदन प्रस्तुत किया गया था। हालांकि, अदालत ने ED की इस अर्जी को खारिज कर दिया। सुनवाई के दौरान ED की ओर से अधिवक्ता सौरभ पांडे ने पक्ष रखा, जबकि बचाव पक्ष की ओर से अधिवक्ता तुषार गिरी ने पैरवी की।

महादेव ऐप का पूरा नेटवर्क खंगाल रही CBI

सौरभ चंद्राकर से आठ दिनों की पूछताछ के दौरान CBI का मुख्य फोकस महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के नेटवर्क और उसकी कार्यप्रणाली को समझने पर रहा। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध सट्टा कारोबार को किस तरह खड़ा किया गया और अलग-अलग पैनलों के जरिए इसका संचालन कैसे होता था। जांच में पैनल ऑपरेटरों, नेटवर्क से जुड़े लोगों, निवेशकों और सट्टे से जुटाई गई रकम के लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया गया है।

हवाला और प्रोटेक्शन मनी पर जांच का फोकस

CBI की पूछताछ में कथित प्रोटेक्शन मनी और हवाला के जरिए हुए आर्थिक लेनदेन का पहलू भी महत्वपूर्ण रहा। जांच एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सट्टा कारोबार से अर्जित रकम किन लोगों तक पहुंची और कथित तौर पर इस नेटवर्क को संरक्षण देने में किन लोगों की भूमिका रही। एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कथित वसूली और रकम के वितरण का दायरा केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित था या इसके तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हुए हैं।

संबंधित खबर: महादेव सट्टा ऐप पर CBI का डबल स्ट्राइक,सौरभ चंद्राकर को 8 दिन की रिमांड, दुबई में रवि उप्पल गिरफ्तार, अब खुलेगा 6 हजार करोड़ के नेटवर्क का राज

चार अधिकारियों को दिल्ली बुलाया, जांच का दायरा बढ़ा

इस मामले में CBI ने चार अधिकारियों को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए दिल्ली बुलाया है। जांच एजेंसी अब सौरभ चंद्राकर से मिली जानकारियों और अन्य संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। महादेव सट्टा ऐप मामले में अब जांच का अगला चरण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। खासतौर पर कथित आर्थिक लेनदेन, पैनल संचालन, हवाला और संरक्षण से जुड़े आरोपों की जांच में आने वाले दिनों में नए खुलासे हो सकते हैं। फिलहाल अदालत के आदेश के बाद सौरभ चंद्राकर को रायपुर केंद्रीय जेल भेज दिया गया है और उसे 19 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में रहना होगा।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts