Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

भोपाल-इंदौर मेट्रो में आज से NCMC कार्ड की सुविधा शुरू, ₹50 में मिलेगा स्मार्ट कार्ड; दिल्ली-मुंबई समेत कई शहरों में भी कर सकेंगे इस्तेमाल

भोपाल और इंदौर मेट्रो में NCMC कार्ड की सुविधा शुरू हो गई है। यात्री ₹50 में कार्ड खरीदकर रिचार्ज कर सकेंगे। TVM से QR टिकट और किराए में छूट की सुविधा भी मिलेगी।
भोपाल-इंदौर मेट्रो में आज से NCMC कार्ड की सुविधा शुरू, ₹50 में मिलेगा स्मार्ट कार्ड; दिल्ली-मुंबई समेत कई शहरों में भी कर सकेंगे इस्तेमाल
भोपाल-इंदौर मेट्रो में आज से NCMC कार्ड की सुविधा शुरू

भोपाल। भोपाल और इंदौर मेट्रो से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। दोनों शहरों में आज से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) की सुविधा शुरू हो रही है। इस स्मार्ट कार्ड के जरिए यात्रियों को बार-बार टिकट खरीदने की जरूरत नहीं होगी। कार्ड को रिचार्ज कराने के बाद मेट्रो स्टेशन पर प्रवेश और निकास के लिए इसका इस्तेमाल किया जा सकेगा। खास बात यह है कि NCMC कार्ड का उपयोग दिल्ली, मुंबई सहित देश के उन अन्य शहरों में भी किया जा सकेगा, जहां यह व्यवस्था लागू है। मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अनुसार, यात्री भोपाल और इंदौर मेट्रो के सभी स्टेशनों पर उपलब्ध टिकट काउंटरों से यह कार्ड प्राप्त कर सकेंगे। कार्ड जारी करने का शुल्क 50 रुपये निर्धारित किया गया है, जो नॉन-रिफंडेबल होगा। कार्ड मिलने के बाद यात्री अपनी जरूरत के अनुसार इसमें राशि रिचार्ज करा सकेंगे।

एक कार्ड से कई शहरों में मेट्रो का सफर

NCMC एक आधुनिक स्मार्ट कार्ड आधारित टिकटिंग सुविधा है। इसका उद्देश्य यात्रियों को टिकट काउंटरों की कतार से राहत देना और यात्रा को आसान बनाना है। यात्री कार्ड को रिचार्ज कर मेट्रो स्टेशन के एंट्री और एग्जिट गेट पर इस्तेमाल कर सकेंगे। इस कार्ड की खासियत यह है कि यह केवल भोपाल और इंदौर तक सीमित नहीं रहेगा। जिन अन्य शहरों में NCMC व्यवस्था लागू है, वहां भी यात्री इसका इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े मेट्रो शहर शामिल हैं।

भोपाल के इन स्टेशनों पर मिलेगी सुविधा

भोपाल मेट्रो के इन स्टेशनों पर NCMC कार्ड की सुविधा उपलब्ध होगी:

  • सुभाषनगर
  • केंद्रीय स्कूल
  • डीबी मॉल
  • एमपी नगर
  • रानी कमलापति
  • डीआरएम तिराहा
  • अलकापुरी
  • एम्स

यात्री इन स्टेशनों के टिकट काउंटर से कार्ड खरीद सकेंगे। इसके अलावा भोपाल और इंदौर मेट्रो के सभी स्टेशनों पर टिकट काउंटरों के माध्यम से कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।

TVM से 30 सेकंड में मिलेगा QR टिकट

NCMC कार्ड के साथ ही भोपाल और इंदौर मेट्रो स्टेशनों पर टिकट वेंडिंग मशीन (TVM) की सुविधा भी शुरू की गई है। यात्री इन मशीनों से खुद QR टिकट प्राप्त कर सकेंगे। इसके लिए मशीन की स्क्रीन पर 'Buy QR Ticket' विकल्प चुनना होगा और गंतव्य स्टेशन का चयन करना होगा। इसके बाद स्क्रीन पर यात्रा का किराया दिखाई देगा। यात्री UPI के जरिए QR कोड स्कैन करके भुगतान कर सकेंगे। भुगतान सफल होने के बाद मशीन से टिकट मिल जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में करीब 30 सेकंड लगेंगे। यात्री MP Metro मोबाइल ऐप के माध्यम से भी टिकट प्राप्त कर सकते हैं।

सिंगल जर्नी टिकट पर 25% की छूट जारी रहेगी

मेट्रो प्रबंधन के अनुसार यात्रियों को सिंगल जर्नी टिकट पर पहले से दी जा रही 25 प्रतिशत की छूट NCMC कार्ड के इस्तेमाल पर भी जारी रहेगी। हालांकि, यह छूट उन यात्राओं पर लागू होगी, जिनका निर्धारित किराया 20 रुपये से अधिक है। 20 रुपये के सिंगल जर्नी टिकट पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत प्रमोशनल छूट नहीं मिलेगी।

भोपाल-इंदौर मेट्रो में 30 सेकंड में मिलेगा टिकट, स्टेशनों पर लगाई गईं वेंडिंग मशीनें

31 दिसंबर तक टिकट की अलग-अलग श्रेणियों में छूट

मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने यात्रियों को किराए में राहत देने के लिए 11 अक्टूबर से 31 दिसंबर 2026 तक विशेष छूट की व्यवस्था लागू की है। इसके तहत अलग-अलग टिकट श्रेणियों में छूट दी जा रही है।

  • सिंगल जर्नी टिकट (SJT): 25 प्रतिशत अतिरिक्त छूट।
  • रिटर्न जर्नी टिकट (RJT): कुल 30 प्रतिशत छूट।
  • ग्रुप टिकट (GT): कुल 35 प्रतिशत छूट।
  • ग्रुप टिकट की सुविधा: कम से कम 2 यात्रियों के लिए उपलब्ध।
  • ई-वॉलेट रिचार्ज बोनस: रिचार्ज राशि के अनुसार 8 से 15 प्रतिशत तक बोनस।

यह छूट योजना 31 दिसंबर 2026 तक लागू रहेगी। ऐसे में भोपाल और इंदौर में मेट्रो से नियमित सफर करने वाले यात्रियों को NCMC कार्ड, QR टिकट और किराए में मिल रही छूट से यात्रा अधिक सुविधाजनक और किफायती बनाने का विकल्प मिलेगा।

Dr. Sumit Shrivastava
By Dr. Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...

Latest Posts