कटनी में किसना ज्वेलर्स शोरूम से 12 करोड़ की ज्वेलरी चोरी, दीवार में सेंध लगाकर घुसे चोर; सोने और हीरे के जेवर लेकर फरार

कटनी। मध्यप्रदेश के कटनी जिले में चोरों ने ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए करीब 12 करोड़ रुपये के सोने और हीरे के जेवर चोरी कर लिए। घटना बरगवां क्षेत्र में LIC के पास स्थित किसना ज्वेलर्स शोरूम की है। चोर शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और डिस्प्ले काउंटरों के साथ तिजोरियों में रखी ज्वेलरी समेटकर फरार हो गए। चोरी का खुलासा गुरुवार सुबह करीब 11 बजे हुआ, जब शोरूम संचालक मोहन बजाज ने दुकान खोली।
दीवार में सेंध लगाकर शोरूम में दाखिल हुए चोर
जानकारी के मुताबिक चोरों ने शोरूम के पिछले हिस्से की दीवार तोड़कर अंदर घुसने का रास्ता बनाया। इसके बाद उन्होंने डिस्प्ले काउंटरों और तिजोरियों को निशाना बनाया। चोर वहां रखे सोने और हीरे के जेवर लेकर फरार हो गए। गुरुवार सुबह जब मोहन बजाज शोरूम पहुंचे और दुकान खोली तो अंदर सामान बिखरा हुआ था। डिस्प्ले काउंटर और तिजोरियां खाली मिलीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दिवाली के लिए रखा था अतिरिक्त स्टॉक
शोरूम संचालक मोहन बजाज के मुताबिक दिवाली के त्योहार को देखते हुए शोरूम में ज्वेलरी का अतिरिक्त स्टॉक रखा गया था। चोर करीब 12 करोड़ रुपये कीमत के सोने और हीरे के जेवर चोरी कर ले गए हैं। अतिरिक्त स्टॉक होने के कारण चोरी गई ज्वेलरी की कीमत काफी अधिक बताई जा रही है।
सुबह 4 से 7 बजे के बीच चोरी की आशंका
घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी अभिनव विश्वकर्मा ने मौके पर पहुंचकर शोरूम का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में चोरी 12 नवंबर की सुबह करीब 4 से 7 बजे के बीच होने का अनुमान है। चोर दीवार में सेंध लगाकर शोरूम में दाखिल हुए और सेफ व डिस्प्ले काउंटरों में रखे जेवर चोरी कर ले गए।
छिंदवाड़ा के चौरई माता मंदिर चोरी का खुलासा, 4 नाबालिग समेत 8 आरोपी पकड़े; 2.44 लाख का मशरूका बरामद
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने शोरूम के अंदर लगे CCTV कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली है। इसके अलावा आसपास के रास्तों और प्रमुख स्थानों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के आने और वारदात के बाद भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।




















