रायपुर में आधी रात PNB बैंक का इमरजेंसी अलार्म बजा, पुलिस में मचा हड़कंप; मैनेजर को सुरक्षा पर सख्त निर्देश

रायपुर: राजधानी रायपुर में आधी रात पंजाब नेशनल बैंक (PNB) का इमरजेंसी अलार्म अचानक बजने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और बैंक परिसर का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कुछ कमियां सामने आने पर बैंक मैनेजर को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
रात 2 बजे अचानक बजा PNB का इमरजेंसी अलार्म
रायपुर। राजधानी के सदानी दरबार स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा में 12 नवंबर की दरम्यानी रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच अचानक इमरजेंसी अलार्म बजने लगा। देर रात बैंक का सायरन सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा, थाना प्रभारी अभनपुर आशीष यादव और माना थाना की पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने बिना देर किए बैंक परिसर का निरीक्षण शुरू कर दिया।
संबंधित खबर: बैंक ऑफ बड़ौदा में 5 करोड़ का लोन घोटाला,11 फर्जी फर्मों से बैंक को चूना, तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत 2 पर चार्जशीट
बैंक की सुरक्षा में मिली कमियां, मैनेजर को बुलाया
पुलिस ने खंगाला बैंक का चप्पा-चप्पा मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों और जवानों ने बैंक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। इमरजेंसी अलार्म बजने के कारणों की जांच करने के साथ ही बैंक के संवेदनशील हिस्सों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान बैंक मैनेजर को मौके पर बुलाकर सुरक्षा व्यवस्था में सामने आई कमियों से अवगत कराया गया। पुलिस ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बैंक की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
बैंक के पीछे अंधेरा दूर करें, CCTV कैमरे लगाएं
पुलिस अधिकारियों ने बैंक मैनेजर को बैंक के पिछले हिस्से में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और जरूरत के मुताबिक संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सुरक्षा से जुड़ी अन्य कमियों को भी तत्काल दूर करने को कहा गया। पुलिस का उद्देश्य बैंक और आसपास के क्षेत्र में संभावित आपराधिक गतिविधियों को रोकना तथा भविष्य में किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना है।
रात में बैंक और ATM पर पुलिस की पैनी नजर
रायपुर ग्रामीण पुलिस की ओर से रात के समय सार्वजनिक और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, बैंक, एटीएम तथा संवेदनशील स्थानों पर लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है। पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के साथ कानून व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिल रही है।




















