'नहीं चाहता फुंसुक वांगडू मर जाएं...'सोनम वांगचुक के समर्थन में उतरे '3 Idiots' के चतुर, सरकार से की बड़ी अपील

एंटरटेनमेंट डेस्क। फिल्म '3 Idiots' का मशहूर किरदार 'चतुर रामलिंगम' यानी ओमी वैद्य एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह कोई फिल्म नहीं, बल्कि लद्दाख के पर्यावरणविद् और शिक्षा सुधारक सोनम वांगचुक हैं। ओमी वैद्य ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर सोनम वांगचुक का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस आंदोलन पर ध्यान दें और सरकार से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग करें। उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
'असल रैंचो' के समर्थन में बोले ओमी वैद्य
वीडियो में ओमी वैद्य ने बताया कि फिल्म '3 Idiots' में आमिर खान द्वारा निभाया गया 'फुंसुख वांगडू' या 'रैंचो' का किरदार असल जिंदगी के इंजीनियर और इनोवेटर सोनम वांगचुक से प्रेरित था। उन्होंने कहा कि वह सोनम वांगचुक से व्यक्तिगत रूप से मिल चुके हैं और उन्हें एक शांत, सरल और समाज के लिए काम करने वाला इंसान मानते हैं। ओमी ने कहा कि कई हफ्तों से सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर बैठे हैं और उनकी सेहत लगातार बिगड़ रही है।
यह भी पढ़ें: CJP Protest: जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन का 12वां दिन, एक छात्र की बिगड़ी तबियत
'मैं नहीं चाहता कि फुंसुख वांगडू मर जाए'
अपने वीडियो में ओमी वैद्य ने भावुक अंदाज में कहा, मैं नहीं चाहता कि फुंसुख वांगडू मर जाए। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का आंदोलन नहीं है, बल्कि समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा मुद्दा है।
बिगड़ती सेहत पर जताई चिंता
ओमी वैद्य ने कहा कि लंबे समय से भूख हड़ताल पर रहने की वजह से सोनम वांगचुक का वजन काफी कम हो गया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनका ब्लड शुगर स्तर भी खतरनाक रूप से गिर चुका है। ऐसे में उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। ओमी ने कहा कि जो व्यक्ति समाज और देश के लिए लगातार काम कर रहा है, उसे इस हालत में नहीं छोड़ा जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: CJP Protest: जंतर मंतर पर सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल शुरू, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग
सरकार से की मांगों पर ध्यान देने की अपील
वीडियो में ओमी वैद्य ने लोगों से अपील की कि वे सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाएं ताकि सोनम वांगचुक की मांगों पर बातचीत हो सके। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवाद जरूरी है और ऐसे मुद्दों पर समाधान निकालने की कोशिश होनी चाहिए।
क्यों कर रहे हैं भूख हड़ताल?
सोनम वांगचुक इस समय दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वे कई मुद्दों को लेकर अपनी मांगें उठा रहे हैं। इनमें प्रमुख मांगें हैं- लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची (Sixth Schedule) के तहत विशेष संरक्षण देना। स्थानीय लोगों के अधिकारों की रक्षा करना। लद्दाख के ग्लेशियरों और पर्यावरण को औद्योगिक नुकसान से बचाना। शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने और NEET परीक्षा से जुड़े मुद्दों पर कार्रवाई की मांग। इन मांगों को लेकर उनका आंदोलन लगातार जारी है।
यह भी पढ़ें: CJP देशप्रेमी पार्टी... ये देश को सुधारने में जुटी; अभिजीत दीपके के समर्थन में उतरे सोनम वांगचुक
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
ओमी वैद्य का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कई लोगों ने उनके इस कदम की सराहना की और कहा कि उन्होंने एक महत्वपूर्ण मुद्दे पर अपनी राय रखी है।
आमिर खान और राजकुमार हिरानी पर भी हुई चर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने फिल्म '3 Idiots' के अभिनेता आमिर खान और निर्देशक राजकुमार हिरानी का भी जिक्र किया। कुछ यूजर्स ने सवाल उठाए कि फिल्म का किरदार जिस व्यक्ति से प्रेरित माना जाता है, उस व्यक्ति के आंदोलन पर उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया क्यों नहीं दी। वहीं, कई लोगों ने ओमी वैद्य के बयान की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने खुलकर अपनी बात रखी।

'3 Idiots' से जुड़ा खास रिश्ता
साल 2009 में रिलीज हुई फिल्म '3 Idiots' में आमिर खान ने फुंसुख वांगडू (रैंचो) का किरदार निभाया था। इस किरदार को व्यापक रूप से सोनम वांगचुक से प्रेरित माना जाता है। वहीं, ओमी वैद्य ने फिल्म में चतुर रामलिंगम (साइलेंसर) का यादगार किरदार निभाया था, जिसे आज भी दर्शक पसंद करते हैं।
यह भी पढ़ें: सोनम वांगचुक की मांग, लेह हिंसा की न्यायिक जांच हो, जब तक जेल में ही रहने को तैयार, 4 लोगों की गई थी जान
फिलहाल सरकार की ओर से प्रतिक्रिया का इंतजार
सोनम वांगचुक की मांगों और ओमी वैद्य के समर्थन वाले वीडियो पर फिलहाल सरकार की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।











