Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

शाहरुख का नया गाना आते ही छाया, 30 साल पहले भी मचा था 'डैडी कूल' का शोर

शाहरुख खान और करीना कपूर का नया गाना 'डैडी कूल' फिल्म 'किंग' से रिलीज होते ही चर्चा में आ गया है। खास बात यह है कि 30 साल पहले भी शाहरुख फिल्म 'चाहत' में इसी नाम के गाने में नजर आए थे। जानिए दोनों गानों का कनेक्शन, कलाकारों और संगीत से जुड़ी दिलचस्प बातें और पुरानी फिल्म की कहानी।
शाहरुख का नया गाना आते ही छाया, 30 साल पहले भी मचा था 'डैडी कूल' का शोर
30 साल बाद फिर लौटा 'डैडी कूल', शाहरुख-करीना के नए गाने ने याद दिलाया पुराना गाना

शाहरुख खान जब भी पर्दे पर आते हैं, अपने अंदाज से लोगों का दिल जीत लेते हैं। इन दिनों उनकी अपकमिंग फिल्म 'किंग' को लेकर खूब चर्चा हो रही है। फिल्म का नया गाना 'डैडी कूल' रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है। इस गाने में शाहरुख खान के साथ करीना कपूर खान नजर आ रही हैं। दोनों की जोड़ी को करीब 15 साल बाद साथ देखकर फैंस काफी खुश हैं। लेकिन इस नए गाने की एक दिलचस्प बात है। दरअसल, शाहरुख खान 30 साल पहले भी 'डैडी कूल' नाम के गाने में नजर आ चुके हैं। उस गाने में उनके साथ अनुपम खेर दिखाई दिए थे। आइए जानते हैं नए और पुराने गाने का पूरा कनेक्शन।

'किंग' के नए गाने ने मचाया धमाल

शाहरुख खान की फिल्म 'किंग' 24 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों के बीच काफी उत्साह है। इसी बीच 27 नवंबर को फिल्म का दूसरा गाना 'डैडी कूल' रिलीज किया गया। इसमें शाहरुख खान और करीना कपूर खान की जोड़ी देखने को मिल रही है। करीब 1 मिनट 44 सेकंड के इस गाने में दोनों सितारों का अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। गाना रिलीज होने के महज 16 घंटे के अंदर इसे 10 मिलियन यानी एक करोड़ से ज्यादा व्यूज मिल गए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि दर्शकों के बीच इस गाने को लेकर कितना उत्साह है। इस गाने के बोल कुमार ने लिखे हैं, जबकि इसे अरिजीत सिंह और शिल्पा राव ने अपनी आवाज दी है। इसका संगीत सचिन-जिगर ने तैयार किया है। गाने में शाहरुख का स्वैग और करीना का अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।

1996 में भी आया था शाहरुख का 'डैडी कूल'

अब इस नए गाने की सबसे दिलचस्प बात जान लीजिए। साल 1996 में शाहरुख खान की फिल्म 'चाहत' रिलीज हुई थी। इस फिल्म में भी 'डैडी कूल' नाम का एक गाना था। खास बात यह है कि उस गाने में शाहरुख खान के साथ अभिनेता अनुपम खेर नजर आए थे। यानी आज से करीब 30 साल पहले भी शाहरुख 'डैडी कूल' गाने का हिस्सा बन चुके हैं। फिल्म के उस पुराने गाने को आज भी लोग पसंद करते हैं। यूट्यूब पर इसके वीडियो को करीब 17 मिलियन यानी 1.7 करोड़ व्यूज मिल चुके हैं। ऐसे में 'किंग' के नए गाने ने एक बार फिर पुराने गाने की यादें ताजा कर दी हैं।

पुराने और नए गाने में क्या है अंतर?

भले ही दोनों गानों का नाम एक जैसा है, लेकिन इनका संगीत और अंदाज बिल्कुल अलग है। फिल्म 'किंग' का नया 'डैडी कूल' गाना मशहूर म्यूजिक बैंड बोनी एम के क्लासिक ट्रैक से प्रेरित है। इसे सचिन-जिगर ने नए अंदाज में तैयार किया है और अरिजीत सिंह व शिल्पा राव ने अपनी आवाज दी है। वहीं, साल 1996 में आई फिल्म 'चाहत' का 'डैडी कूल' एक हल्का-फुल्का और मजेदार गाना था। इसका संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था। दोनों गानों के बीच नाम का कनेक्शन जरूर है, लेकिन उनकी धुन और पेश करने का तरीका अलग है। नए गाने में करीना कपूर खान के अंदाज को देखकर कई फैंस को शाहरुख की फिल्म 'रा.वन' के गाने 'छम्मक छल्लो' की भी याद आ रही है। सोशल मीडिया पर लोग शाहरुख और करीना की जोड़ी की तारीफ कर रहे हैं। दोनों की केमिस्ट्री एक बार फिर चर्चा में है।

ऐसी थी 1996 की फिल्म 'चाहत'

शाहरुख खान की फिल्म 'चाहत' साल 1996 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह एक रोमांटिक थ्रिलर ड्रामा फिल्म थी, जिसका निर्देशन महेश भट्ट ने किया था। फिल्म की कहानी रॉबिन भट्ट, आकाश खुराना और जावेद सिद्दीकी ने लिखी थी। इसके गानों का संगीत अनु मलिक ने तैयार किया था। फिल्म में शाहरुख खान के साथ पूजा भट्ट, नसीरुद्दीन शाह, अनुपम खेर और रम्या कृष्णन अहम भूमिकाओं में थे। इनके अलावा अवतार गिल, मुश्ताक खान, टीकू तलसानिया, अनंत जोग, रजाक खान और श्रीवल्लभ व्यास भी फिल्म का हिस्सा थे। 'किंग' के नए 'डैडी कूल' ने न सिर्फ शाहरुख और करीना की जोड़ी को फिर चर्चा में ला दिया है, बल्कि 30 साल पुराने गाने की यादें भी ताजा कर दी हैं। अब देखना होगा कि फिल्म रिलीज होने के बाद शाहरुख का यह नया गाना दर्शकों के बीच कितना पसंद किया जाता है।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts