‘पंचायत 5’ से पहले फुलेरा पहुंचे केविन पीटरसन, कुर्ता-पायजामा पहन गांव के रंग में रंगे नजर आए

‘पंचायत’ के फुलेरा गांव में इस बार एक खास विदेशी मेहमान की एंट्री हुई है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर केविन पीटरसन गांव के देसी अंदाज में नजर आ रहे हैं। प्राइम वीडियो की ओर से जारी एक मजेदार वीडियो में पीटरसन कुर्ता-पायजामा पहने, सिर पर गमछा बांधे और दातून करते दिखाई दिए। इतना ही नहीं, उन्होंने भुटकुन की चाय की चुस्कियां भी लीं और फुलेरा की मशहूर पानी की टंकी को निहारा। उनका यह अंदाज ‘पंचायत’ के फैंस को खूब पसंद आ रहा है।
लंदन से सिडनी तक घूमे, लेकिन फुलेरा जैसा गांव कहीं नहीं!
वीडियो में केविन पीटरसन अपना परिचय देते हुए कहते हैं- मैं केविन पीटरसन हूं। मैं इंग्लैंड का पूर्व क्रिकेटर हूं। मैंने लंदन से लेकर सिडनी तक पूरी दुनिया घूमी है, लेकिन दुनिया में फुलेरा जैसी कोई जगह नहीं है! इसके बाद वह फुलेरा के चर्चित डायलॉग्स को भी अपने अंदाज में बोलते नजर आते हैं। उनके देसी लुक और गांव के माहौल में घुलने-मिलने का अंदाज वीडियो को और मजेदार बना रहा है।
बनराकस के नए प्रधानपति के साथ फुलेरा में नया दौर!
‘पंचायत’ की कहानी में इस बार फुलेरा में विकास का नया दौर शुरू होने के संकेत मिल रहे हैं। बनराकस यानी दुर्गेश कुमार नए प्रधानपति की भूमिका में नजर आने वाले हैं। ऐसे में केविन पीटरसन की फुलेरा में एंट्री ने सीरीज को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। अब देखना होगा कि नए प्रधान और उनके कार्यकाल में गांव की कहानी किस दिशा में आगे बढ़ती है।
3 दिसंबर को रिलीज होगा ‘पंचायत 5’
दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार द्वारा निर्मित इस सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है, जबकि कहानी चंदन कुमार ने लिखी है। द वायरल फीवर (TVF) के बैनर तले बनी इस सीरीज में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैजल मलिक, चंदन रॉय, सांविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक जैसे कलाकार नजर आएंगे। ‘पंचायत सीजन 5’ का प्रीमियर 3 दिसंबर 2026 को विशेष रूप से प्राइम वीडियो पर होगा। यह सीरीज भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में उपलब्ध होगी।




















