शिवपुरी में पुल के नीचे नाले में मिला पटवारी के बेटे का शव, पास में खड़ी मिली बाइक; पिता ने जताई हत्या की आशंका

शिवपुरी। शहर के गुना बायपास रोड पर शुक्रवार सुबह एक 28 वर्षीय युवक का शव पुल के नीचे नाले में मिला। मृतक की पहचान विवेकानंद कॉलोनी निवासी शिवम शर्मा के रूप में हुई है। वह एक निजी सोलर कंपनी में नौकरी करते थे। शव के पास ही उनकी बाइक भी बरामद हुई है। मृतक के पिता सुरेश शर्मा ने बेटे की हत्या कर शव नाले में फेंकने की आशंका जताई है। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल युवक की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
गुरुवार शाम घर से निकले थे शिवम, रातभर नहीं लौटे
परिजनों के मुताबिक शिवम गुरुवार शाम घर से निकले थे लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिवार के लोगों ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनका मोबाइल फोन बंद मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। शुक्रवार सुबह कोतवाली पुलिस शिवम की गुमशुदगी दर्ज करने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को गुना बायपास की थीम रोड पर श्रीराम धर्म कांटे के पास पुल के नीचे एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली।
शव के पास मिली बाइक, बेटे को देखकर बेहोश हुए पिता
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान शव के पास ही एक बाइक भी बरामद हुई। मृतक की पहचान शिवम शर्मा के रूप में होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई।

अस्पताल में भर्ती पिता सुरेश शर्मा भी मौके पर पहुंचे थे। बेटे का शव देखकर वह बेहोश हो गए। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती कराया गया है।
पिता ने लगाया हत्या कर शव फेंकने का आरोप
शिवम के पिता सुरेश शर्मा ने आशंका जताई है कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद शव को नाले में फेंका गया है। शिवम की शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। हालांकि उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
कोतवाली पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया है। पुलिस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि शिवम की मौत हादसे में हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।



















