सुबह की रनिंग में बना प्लान, अगले दिन पति पर हमला! गाजियाबाद में पत्नी और जिम ट्रेनर की चौंकाने वाली साजिश

Ghaziabad Crime News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला पर अपने जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने पहले पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके बाद वारदात वाले दिन वह अपनी कार लेकर घर से निकल गई और फ्लैट का दरवाजा खुला छोड़ दिया। आरोप है कि इसी दौरान उसका जिम ट्रेनर प्रेमी घर में घुसा और सो रहे पति पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने मामले में पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
सो रहे पति पर चाकू से हमला
घटना गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा सेक्टर-1 की है। 26 अक्टूबर की सुबह 35 वर्षीय शशांक कंथारिया अपने घर में सो रहे थे। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान जिम ट्रेनर प्रताप सिंह उनके फ्लैट में दाखिल हुआ। आरोप है कि प्रताप ने बेडरूम में पहुंचकर शशांक पर चाकू से कई वार किए। अचानक हुए हमले में शशांक गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी आवाज सुनकर सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास रहने वाले लोग मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने घायल शशांक को यशोदा मेडिसिटी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पत्नी और पति दोनों सरकारी कर्मचारी
जानकारी के मुताबिक, शशांक कंथारिया अपनी पत्नी प्रिया शर्मा और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ वसुंधरा सेक्टर-1 में रहते हैं। शशांक और प्रिया दोनों दिल्ली के पोस्टल अकाउंट ऑफिस में सीनियर अकाउंटेंट के पद पर काम करते हैं। दोनों की शादी साल 2021 में हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिया पिछले सात से आठ महीने से वसुंधरा स्थित फिटनेस हेडक्वार्टर जिम में एक्सरसाइज करने जाती थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात जिम ट्रेनर प्रताप सिंह से हुई थी।
जिम में मुलाकात, फिर बढ़ीं नजदीकियां
पुलिस के मुताबिक, जिम में मुलाकात के बाद प्रिया और प्रताप के बीच बातचीत बढ़ने लगी। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के करीब आ गए। पुलिस पूछताछ में प्रताप ने कथित तौर पर बताया कि वह और प्रिया शादी करना चाहते थे। इसी बीच शशांक को पत्नी और जिम ट्रेनर के संबंधों की जानकारी हो गई थी। बताया जा रहा है कि शशांक दिवाली के बाद अपना फ्लैट बदलकर दूसरी जगह रहने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस का दावा है कि इसी बात को लेकर दोनों आरोपियों ने शशांक को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
25 अक्टूबर को बनाई थी हमले की योजना
पुलिस पूछताछ में प्रताप ने कथित तौर पर बताया कि 25 अक्टूबर की सुबह वह प्रिया के साथ रनिंग कर रहा था। इसी दौरान दोनों ने शशांक की हत्या की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, योजना यह थी कि प्रिया घर से बाहर निकल जाएंगी और फ्लैट का गेट खुला छोड़ देंगी। इसके बाद प्रताप घर में घुसकर शशांक पर हमला करेगा। अगले दिन यानी 26 अक्टूबर की सुबह इसी योजना के तहत वारदात को अंजाम देने का आरोप है।
ये भी पढ़ें: पत्नी ने नहीं रखा करवा चौथ का व्रत, गुस्से में थाने पहुंचा पति; बोला- 'व्रत नहीं रखा तो दे दूंगा तलाक'
पत्नी कार लेकर निकली, प्रेमी घर में घुसा
पुलिस के मुताबिक, वारदात वाले दिन प्रिया सुबह अपनी कार लेकर घर से निकल गईं। आरोप है कि उन्होंने जानबूझकर फ्लैट का गेट खुला छोड़ दिया था। इसके कुछ देर बाद प्रताप चाकू लेकर घर में दाखिल हुआ और बेडरूम में सो रहे शशांक पर हमला कर दिया। शशांक की आवाज सुनकर आसपास के लोग पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से निकल गया। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
घटना के बाद शशांक के भाई रितेश ने इंदिरापुरम थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 61(2) और 333 के तहत मामला दर्ज किया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाई गई और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई। पुलिस के मुताबिक, CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान हुई।
पत्नी और जिम ट्रेनर प्रेमी गिरफ्तार
पुलिस ने 27 अक्टूबर को प्रिया शर्मा और जिम ट्रेनर प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों की कथित साजिश से जुड़ी जानकारी सामने आई है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद किया गया है। फिलहाल, घायल शशांक का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। हालांकि, आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर अंतिम फैसला अदालत में होगा।



















