Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

करवाचौथ पर रश्मि ने पति को दी नई जिंदगी, किडनी दान कर बचाई जान; ICU में मनाया त्योहार

जबलपुर की रश्मि गुप्ता ने पति दीपक को किडनी दान कर नई जिंदगी दी। सफल ट्रांसप्लांट के बाद दोनों ने ICU में करवाचौथ मनाया।

जबलपुर। करवाचौथ पर पत्नियां पति की लंबी उम्र के लिए व्रत रखती हैं, लेकिन जबलपुर की रश्मि गुप्ता ने अपने पति दीपक गुप्ता की जिंदगी बचाने के लिए उन्हें अपनी किडनी दान कर दी। शांतिनगर निवासी दीपक लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। ऐसे में रश्मि ने किडनी देकर उनके इलाज में अहम भूमिका निभाई। 25 अक्टूबर, रविवार को मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल में दोनों का किडनी ट्रांसप्लांट सफल रहा। इस बार करवाचौथ का त्योहार दोनों ने अस्पताल में मनाया। रश्मि ने ICU में छलनी से पति का चेहरा देखकर व्रत पूरा किया।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने किया किडनी ट्रांसप्लांट

मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल के डायरेक्टर राजीव बड़ेरिया ने बताया कि अस्पताल की नेफ्रोलॉजी और ट्रांसप्लांट यूनिट में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने किडनी प्रत्यारोपण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की। इस प्रक्रिया में ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. राजेश पटेल, कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. विशाल वडेरा सहित अन्य चिकित्सकों और चिकित्सा कर्मियों की भूमिका रही। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, प्रत्यारोपण के बाद पति-पत्नी दोनों स्वस्थ हैं।

किडनी दान के जरिए दिया अंगदान का संदेश

रश्मि का यह फैसला अंगदान के महत्व को भी सामने लाता है। डॉक्टरों के मुताबिक, किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए उपयुक्त परिस्थितियों में प्रत्यारोपण उपचार का एक विकल्प हो सकता है। अस्पताल के डायरेक्टर राजीव बड़ेरिया ने बताया कि मेट्रो प्राइम हॉस्पिटल में अब तक 30 से अधिक किडनी प्रत्यारोपण सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं।

Breaking News

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts