Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

करवा चौथ पर हाईकोर्ट बार में 300 से ज्यादा वकीलों ने कराई दिल की जांच, जस्टिस पाठक का BP भी नॉर्मल

जबलपुर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के करवा चौथ पर आयोजित निःशुल्क हृदय स्वास्थ्य शिविर में 300 से अधिक वकीलों ने जांच कराई। जस्टिस आनंद पाठक का BP और ऑक्सीजन लेवल सामान्य रहा।
करवा चौथ पर हाईकोर्ट बार में 300 से ज्यादा वकीलों ने कराई दिल की जांच, जस्टिस पाठक का BP भी नॉर्मल

जबलपुर। करवा चौथ के मौके पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आदर्श मुनि सभागार में आयोजित निःशुल्क हृदय स्वास्थ्य शिविर में 300 से अधिक अधिवक्ताओं ने दिल से जुड़ी जांच कराई। शिविर के शुभारंभ पर जस्टिस आनंद पाठक ने भी अपना ब्लड प्रेशर और ऑक्सीजन लेवल चेक कराया, जो सामान्य रहा। इस दौरान उन्होंने डॉक्टरों की टीम से स्वास्थ्य संबंधी चर्चा भी की।

जस्टिस पाठक बोले- वकील, डॉक्टर और जज समाज के आरोग्य साधक

शिविर का शुभारंभ करते हुए जस्टिस आनंद पाठक ने कहा कि अधिवक्ता, चिकित्सक और न्यायाधीश समाज के आरोग्य साधक हैं। ये अपने दायित्वों के जरिए समाज को स्वस्थ, सुरक्षित और न्यायपूर्ण बनाने में योगदान देते हैं। ऐसे में उनका खुद स्वस्थ रहना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य का मतलब केवल शारीरिक रूप से स्वस्थ होना नहीं है, बल्कि मानसिक, आध्यात्मिक, नैतिक और आत्मिक स्वास्थ्य भी उतना ही जरूरी है।

विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने की जांच

शिविर में आदित्य सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल और विक्टोरिया अस्पताल की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम मौजूद रही। डॉक्टरों ने अधिवक्ताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान ब्लड प्रेशर और ईसीजी जैसी हृदय संबंधी जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

हाईकोर्ट बार ने दिया स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश

हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मृगेंद्र सिंह ने कहा कि एसोसिएशन का प्रयास है कि अधिवक्ताओं का हृदय स्वस्थ और युवा बना रहे। वहीं, सचिव असीम त्रिवेदी ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में कम उम्र में भी हृदय रोग के मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में समय पर जांच कराना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना जरूरी है।

Breaking News

नवीन शुक्ला ने TA-DA की पूरी राशि बार एसोसिएशन को देने की घोषणा की कार्यक्रम के दौरान राज्य अधिवक्ता परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य नवीन शुक्ला ने घोषणा की कि परिषद से मिलने वाली टीए-डीए की पूरी राशि वे हाईकोर्ट बार एसोसिएशन को सौंपेंगे। उन्होंने अपनी पहली राशि मंच पर ही प्रदान की। कार्यक्रम के अंत में उपाध्यक्ष सत्येन्द्र ज्योतिषी ने सभी का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर सचिव असीम त्रिवेदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विश्वास पलिया, महिला उपाध्यक्ष अनुराधा तिवारी चौबे, सह सचिव रुपेश पटेल, कोषाध्यक्ष सुशीला पालीवाल, लाइब्रेरी सचिव अजय शुक्ला सहित कार्यकारिणी सदस्य और बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे। मध्य प्रदेश शासन के उप महाधिवक्ता यश सोनी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Sanjay Tiwari
By Sanjay Tiwari

Latest Posts