इंदौर में भाजपा की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा! कैलाश विजयवर्गीय ने संभाली कमान, CM मोहन यादव सहित दिग्गज नेता शामिल

इंदौर। प्रदेश भाजपा के आह्वान पर आज इंदौर में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ बड़ी पदयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के लिए सुबह से ही परदेशीपुरा स्थित सुभाष नगर चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, व्यापारियों और अन्य लोगों का पहुंचना शुरू हो गया। आयोजन की व्यवस्थाओं की कमान मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने संभाली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी के चलते कार्यक्रम स्थल और पदयात्रा मार्ग पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
सुबह से जुटने लगे भाजपा कार्यकर्ता और समाजजन
पदयात्रा में शामिल होने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे। आयोजन में विभिन्न समाजों के पदाधिकारी और समाजजन, संत, व्यापारी, उद्योगपति, एनजीओ प्रतिनिधि और अधिवक्ता सहित कई वर्गों के लोगों की भागीदारी देखने को मिली।कार्यक्रम स्थल और पदयात्रा मार्ग पर जगह-जगह बैनर और पोस्टर लगाए गए हैं। पूरे मार्ग को भगवा रंग के झंडों और प्रचार सामग्री से सजाया गया है। भाजपा कार्यकर्ताओं में आयोजन को लेकर उत्साह नजर आया।
कैलाश विजयवर्गीय ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर सक्रिय रहे। उन्होंने आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया और वहां पहुंचने वाले लोगों से मुलाकात की। मंच पर पहुंचकर उन्होंने कार्यकर्ताओं से नारे भी लगवाए।इस दौरान वाहनों की आवाजाही को लेकर भी स्थिति सामने आई। शुरुआती दौर में कार्यक्रम स्थल के आसपास कई चौराहों पर बैरिकेडिंग कर दी गई थी, जिसके कारण लोगों के वाहन आयोजन स्थल तक नहीं पहुंच पा रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर विजयवर्गीय ने वरिष्ठ अधिकारियों से कहा कि लोगों को वाहन लेकर अंदर आने दिया जाए। उन्होंने पार्किंग की व्यवस्था कराने की बात भी कही।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कार्यक्रम में शामिल होने के कारण पुलिस और प्रशासन अलर्ट रहे। आयोजन स्थल के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई और पदयात्रा मार्ग पर निगरानी रखी गई।मुख्यमंत्री के पहुंचने से पहले ही भाजपा कार्यकर्ताओं, समाजसेवियों, व्यापारियों और संतों का जुटना जारी रहा। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी भी देखने को मिली।
रथ से अभिवादन स्वीकारेंगे वरिष्ठ नेता
आयोजन के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी विप्लव देव और केंद्रीय मंत्री मनसुखभाई मांडविया सहित वरिष्ठ नेताओं के लिए रथ तैयार किया गया है। कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, वरिष्ठ नेता रथ से लोगों का अभिवादन स्वीकारते हुए पदयात्रा में आगे बढ़ेंगे।पदयात्रा में भाजपा के मंत्री, जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं के भी शामिल होने का कार्यक्रम है।
पाटनीपुरा चौराहे पर होगी सभा
पदयात्रा के समापन के बाद पाटनीपुरा चौराहे पर सभा आयोजित की जाएगी। इसमें मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री, प्रदेश प्रभारी और अन्य मंत्री संबोधित किया ।




















