सक्ती में पड़ोसी ने महिला को उतारा मौत के घाट, शराब पीने के दौरान हुआ विवाद,हत्या के बाद भागा आरोपी गिरफ्तार

रायपुर: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हसौद थाना क्षेत्र के कैथा गांव में शराब को लेकर हुए विवाद के बाद पड़ोसी ने महिला की बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है।
शराब की आदत बनी खूनी विवाद की वजह
पुलिस के मुताबिक, मृतिका लक्ष्मी बाई और आरोपी रंजीत धनवार पड़ोसी थे। दोनों के बीच पहले से जान-पहचान थी। बताया गया है कि आरोपी, उसकी पत्नी और मृतिका तीनों शराब पीने के आदी थे। शराब पीने के दौरान उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी आपसी विवाद ने 22 अक्टूबर की दरमियानी रात हिंसक रूप ले लिया और आरोपी ने लक्ष्मी बाई के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी, पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही हसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मामले की जांच शुरू की। जांच के दौरान पड़ोस में रहने वाले रंजीत धनवार की भूमिका सामने आई। वारदात के बाद से आरोपी फरार था, जिसके चलते पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी।

बिलाईगढ़ में छिपा था आरोपी, रात में दबिश देकर पकड़ा
पुलिस को जांच के दौरान जानकारी मिली कि आरोपी बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र में छिपकर रह रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम रवाना हुई और दबिश देकर रंजीत धनवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने शराब पीने के दौरान होने वाले विवाद को घटना की वजह बताया।
संबंधित खबर: मनेंद्रगढ़ में करण राठौर हत्याकांड में बड़ा फैसला,7 दोषियों को उम्रकैद, माता-पिता को मिलेगा 10 हजार रुपये प्रतिकर
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया आरोपी
एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।




















