सीहोर: बालिकाओं की बढ़ती भीड़ से छोटा पड़ा गरबा हॉल, अब वॉटरप्रूफ डोम में होगा भव्य प्रशिक्षण

सीहोर। शक्ति की भक्ति और गरबा की उमंग ने रविवार को ऐसा रंग जमाया कि आवासीय खेलकूद मैदान में बनाया गया प्रशिक्षण हॉल ही छोटा पड़ गया। क्रिसेंट गरबा महोत्सव के प्रशिक्षण के लिए पहुंची बालिकाओं की संख्या देखते ही देखते दो हजार के पार पहुंच गई। जगह कम पड़ने से सैकड़ों बालिकाओं को प्रैक्टिस में परेशानी हुई और प्रशिक्षकों को भी व्यवस्थाएं संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। स्थिति को देखते हुए विधायक सुदेश राय ने प्रशिक्षण स्थल का विस्तार करते हुए वॉटरप्रूफ डोम और टेंट लगाने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी बालिका गरबा प्रशिक्षण से वंचित न रहे।
दो हजार पार पहुंची बालिकाएं, छोटा पड़ा हॉल
अरुणा सुदेश राय प्रतिभा निखार मंच द्वारा आयोजित महा गरबा प्रशिक्षण को लेकर बालिकाओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। रविवार को अचानक बड़ी संख्या में बालिकाएं प्रशिक्षण लेने पहुंचीं। संख्या दो हजार का आंकड़ा पार कर गई तो आवासीय खेलकूद मैदान में बना प्रैक्टिस हॉल कम पड़ गया। सीमित जगह में बड़ी संख्या में बालिकाओं को अभ्यास कराने में प्रशिक्षकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
अरुणा राय ने संभाली व्यवस्था, विधायक ने लिया बड़ा निर्णय
बालिकाओं की बढ़ती संख्या और उनकी परेशानी को देखते हुए समाजसेविका श्रीमती अरुणा राय ने मौके पर व्यवस्थाओं को संभाला। इसके बाद विधायक सुदेश राय ने तत्काल प्रशिक्षण स्थल को और बड़ा करने के निर्देश दिए। निर्णय लिया गया कि मैदान में वॉटरप्रूफ डोम और टेंट लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण में गरबा का प्रशिक्षण ले सकें।
मां जगदंबा की पूजा के साथ प्रशिक्षण का शुभारंभ
रविवार को माता रानी जगदंबा की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ गरबा प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। समाजसेविका श्रीमती अरुणा राय और विधायक सुदेश राय ने माता रानी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर आयोजन की शुरुआत की। इसके बाद बालिकाओं ने गरबा की विभिन्न प्रस्तुतियों और स्टेप्स का अभ्यास किया। मैदान में भक्ति संगीत के बीच बालिकाओं की ऊर्जा और उत्साह देखते ही बन रहा था।
ये भी पढ़ें: सीहोर में 500 किसानों का जल सत्याग्रह, पार्वती-कुलासी नदी में उतरकर बजाई थाली; बिजली अफसरों पर FIR की मांग
‘शक्ति की भक्ति से मातृशक्ति को कोई नहीं रोक सकता’
समाजसेविका श्रीमती अरुणा राय ने कहा कि माता दुर्गा और शक्ति की भक्ति नृत्य के माध्यम से अनादि काल से चली आ रही है। गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि शक्ति आराधना और हमारी सांस्कृतिक परंपरा का उत्सव है। उन्होंने कहा कि गरबा प्रशिक्षण में सभी माता-बहनें और बालिकाएं सादर आमंत्रित हैं। शक्ति की भक्ति करने से मातृशक्ति को कोई रोक नहीं सकता।
पारिवारिक माहौल में सजेगा क्रिसेंट गरबा महोत्सव
आयोजकों के अनुसार क्रिसेंट गरबा महोत्सव को पारिवारिक वातावरण में आयोजित किया जाएगा। माता रानी के भक्ति गीतों पर बालिकाएं गरबा की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगी। प्रशिक्षण के दौरान बालिकाओं को गरबा की बारीकियां और विभिन्न प्रस्तुतियों के लिए तैयार किया जाएगा, जिससे आयोजन में अनुशासन और सांस्कृतिक रंग दोनों नजर आएं।
ये भी पढ़ें: सीहोर में मन की बात कार्यक्रम में मंच पर दो मंत्री, पीछे खाली कुर्सियां
स्कूटी, लैपटॉप और मोबाइल समेत मिलेंगे पुरस्कार
महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कार भी रखे गए हैं। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को स्कूटी, लैपटॉप, मोबाइल सहित अन्य उपहार प्रदान किए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर गरबा आयोजन का यह प्रयास सीहोर में पहली बार किया जा रहा है और लगातार बढ़ती भागीदारी इसकी लोकप्रियता को दर्शा रही है।




















