Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सोहागपुर में दो साल में ही उखड़ी विश्रामगृह-रेलवे स्टेशन सड़क, कांग्रेस ने 15 दिन में मरम्मत की मांग की

सोहागपुर में विश्रामगृह से रेलवे स्टेशन तक बनी सड़क दो साल में ही जर्जर हो गई। कांग्रेस ने सड़क की गुणवत्ता की जांच, ठेकेदार पर कार्रवाई और 15 दिन में मरम्मत की मांग की है।
दो साल में ही उखड़ी विश्रामगृह-रेलवे स्टेशन सड़क

सोहागपुर। स्थानीय विश्रामगृह से रेलवे स्टेशन तक करीब दो वर्ष पहले बनाई गई सड़क की बदहाल स्थिति ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण के कुछ ही समय बाद सड़क जगह-जगह से उखड़ने लगी थी और अब इस पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। लगातार शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। सड़क की गुणवत्ता की जांच, तत्काल मरम्मत और निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कांग्रेस ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन एसडीएम डॉ. बबीता राठौर को सौंपा।

अधिकारियों, विद्यार्थियों और यात्रियों के आवागमन का प्रमुख मार्ग

ज्ञापन में कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल ने बताया कि विश्रामगृह से रेलवे स्टेशन तक का मार्ग नगर की महत्वपूर्ण सड़कों में शामिल है। इस मार्ग पर न्यायाधीशों और स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों के आवास, जयमल सिंह कॉलोनी, महाविद्यालय, मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का डीजीएम कार्यालय, रेस्ट हाउस, सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के बागरा बफर रेंज कार्यालय तथा सामान्य वन विभाग के एसडीओ और रेंजर के कार्यालय स्थित हैं। आगे रेलवे स्टेशन होने के कारण इस सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, रेल यात्री और आम नागरिक आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को गड्ढों और धूल के बीच से गुजरना पड़ रहा है।

निर्माण के कुछ समय बाद ही खराब होने लगी थी सड़क

कांग्रेस का आरोप है कि नगर परिषद द्वारा बनाई गई इस सड़क का निर्माण गुणवत्तापूर्ण नहीं हुआ। सड़क बनने के कुछ ही समय बाद जगह-जगह से उखड़ने और गड्ढे होने की समस्या सामने आने लगी थी। इस मुद्दे को लेकर पार्षद धर्मदास बेलवंशी लगातार आवाज उठाते रहे, लेकिन संबंधित जिम्मेदारों ने समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए।

गड्ढों से दुर्घटना का खतरा, दुकानदार भी परेशान

कांग्रेस नेता ऋषभ दीक्षित ने बताया कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे होने से दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। वहीं, वाहनों की आवाजाही से उड़ने वाली धूल आसपास की दुकानों, भोजनालयों और चाय-नाश्ते की दुकानों तक पहुंच रही है। इससे व्यापारियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार उड़ती धूल के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी उठाना पड़ रहा है।

कांग्रेस ने 15 दिन में सड़क सुधारने की मांग की

कांग्रेस ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाए और निर्माण में हुई कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदारी तय की जाए। इसके साथ ही संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने यह भी मांग रखी है कि सड़क पर तत्काल सुधार कार्य शुरू कराकर आगामी 15 दिनों के भीतर इसे आवागमन के योग्य बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों, यात्रियों और व्यापारियों को राहत मिल सके।

सोहागपुर में मोटरसाइकिल पर तलवार और चाकू लेकर घूम रहे 3 युवक गिरफ्तार, 41 हजार का मशरूका जब्त

ज्ञापन सौंपने के दौरान ये कांग्रेसजन रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने वालों में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुधीर ठाकुर, नगर अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल, मिश्रीलाल साहू, जलज शर्मा, नीरज रघुवंशी, ऋषभ दीक्षित, शहीद खान, इरफान खान, कमलेश प्रजापति, प्रेम नारायण दुबे, विक्रम रघुवंशी सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

Neelam Tiwari
By Neelam Tiwari

नीलम तिवारी - सोहागपुर के वरिष्ठ पत्रकार, 40 वर्षों से निष्पक्ष, जनसरोकार और ग्रामीण मुद्दों की निर्...

Latest Posts