व्हाइट हाउस के पास वॉशिंगटन DC में गोलीबारी, 4 लोगों को मारी गई गोली; पुलिस ने इलाके को घेरा

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन DC में व्हाइट हाउस से कुछ दूरी पर गोलीबारी की घटना सामने आई है। गुरुवार तड़के शहर के पॉश इलाके लोगन सर्कल में हुई इस घटना में चार लोगों को गोली मारी गई है। पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए लोगों से घटनास्थल के आसपास जाने से बचने की अपील की है। यह इलाका व्हाइट हाउस से करीब एक किलोमीटर उत्तर में और पैदल दूरी पर स्थित है।
15वीं स्ट्रीट के आसपास पुलिस ने घेरा इलाका
न्यूज एजेंसी AP के मुताबिक पुलिस को शहर में कई स्थानों से गोलीबारी की घटनाओं की सूचना मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने लोगन सर्कल इलाके में कार्रवाई शुरू की। पुलिस अधिकारी नाथन क्लार्क ने बताया कि फिलहाल घटना से जुड़ी ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं है। गोलीबारी की सटीक जगह भी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने लोगों से 15वीं स्ट्रीट के 1500 ब्लॉक वाले इलाके से दूर रहने की अपील की है। घटनास्थल के आसपास के बड़े हिस्से को घेर लिया गया है। इस इलाके में VIDA Fitness सेंटर, सेंट ल्यूक एपिस्कोपल चर्च और कई रिहायशी इमारतें हैं। यहां होल फूड्स सुपरमार्केट भी स्थित है।
लोगन सर्कल में पहले भी हो चुकी है हिंसक घटना
लोगन सर्कल इलाके में इससे पहले भी हिंसा की घटना सामने आ चुकी है। अधिकारियों के मुताबिक अगस्त 2025 की शुरुआत में रविवार सुबह कुछ लोगों ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के डिपार्टमेंट ऑफ गवर्नमेंट एफिशिएंसी (DOGE) के एक पूर्व सदस्य पर हमला किया था। हमलावर उस व्यक्ति और उसके साथ मौजूद महिला की कार छीनने की कोशिश कर रहे थे।
अपराध रोकने के लिए वॉशिंगटन में तैनात हैं नेशनल गार्ड के जवान
इस घटना के कुछ दिन बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्थानीय प्रशासन को दरकिनार करते हुए वॉशिंगटन DC में सीधे संघीय नियंत्रण लागू कर दिया था। शहर में अपराध पर नियंत्रण के लिए सैकड़ों नेशनल गार्ड जवानों को तैनात किया गया था। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह तैनाती अब भी जारी है।




















