मध्यप्रदेश में ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी, 5.48 करोड़ हुए वोटर; 12 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम

भोपाल। मध्यप्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत गुरुवार को ड्राफ्ट फोटो मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसके साथ ही मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नाम हटाने, पता बदलने और अन्य संशोधन कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। प्रदेश के सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों की प्रारूप मतदाता सूची जारी की गई है। इसमें कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 5 करोड़ 48 लाख 71 हजार 158 हो गई है। एक अक्टूबर 2026 की स्थिति में प्रदेश में 5 करोड़ 42 लाख 62 हजार 169 मतदाता थे। इस तरह करीब 6.09 लाख मतदाताओं की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
12 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम, संशोधन के लिए भी कर सकेंगे आवेदन
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। इस अवधि में पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने, किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम हटवाने और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए आवेदन कर सकेंगे। दावे और आपत्तियों के निराकरण की अंतिम तारीख 28 दिसंबर 2026 तय की गई है। इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
21 और 22 नवंबर, 5 और 6 दिसंबर को लगेंगे विशेष शिविर
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और संशोधन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए प्रदेश के जिलों में विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे। ये शिविर 21 और 22 नवंबर तथा 5 और 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होंगे। इन शिविरों में नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे।
127 नए मतदान केंद्र बने, 21 हटाए गए
निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया भी पूरी कर ली है। इसके तहत मध्यप्रदेश में 127 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 21 मतदान केंद्रों को विलोपित किया गया है। इस बदलाव के बाद प्रदेश में कुल मतदान केंद्रों की संख्या 72,036 हो गई है।
राजनीतिक दलों को दी गई मतदाता सूची की कॉपी
ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी और जिला निर्वाचन अधिकारियों की ओर से किया गया। यह सूची मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, मध्यप्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट ceoelection.mp.gov.in पर भी उपलब्ध है। सूची के प्रकाशन के बाद राज्य और जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित की गईं। राज्य स्तरीय बैठक में आम आदमी पार्टी के राघव पटेल, बहुजन समाज पार्टी के एडवोकेट सुधीर बनवार, भाजपा के एसएस उप्पल और कांग्रेस के जेपी धनोपिया एवं ललित सेन शामिल हुए। राजनीतिक दलों को फोटो रहित निर्वाचक नामावली की सॉफ्ट कॉपी हार्ड डिस्क के माध्यम से उपलब्ध कराई गई। साथ ही उनसे प्रत्येक मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने और पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहयोग करने की अपील की गई।
18 साल पूरे करने वाले युवा भी जुड़वा सकेंगे नाम
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानकर मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशित किया गया है। ऐसे युवा जिनकी उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 साल पूरी हो जाएगी, वे भी मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए संबंधित बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा वोटर हेल्पलाइन ऐप और निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है।
पूरी प्रक्रिया निशुल्क, हेल्पलाइन नंबर 1950 पर मिलेगी जानकारी
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन की पूरी प्रक्रिया निशुल्क है। आवेदन या पुनरीक्षण से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए नागरिक निर्वाचन हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।




















