सीधी में लोकायुक्त की कार्रवाई, पंचायत सचिव 20 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार

सीधी। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने गोपनीय जांच कर रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि की और जाल बिछाकर कार्रवाई की। आरोपी को मझौली स्थित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (RES) के उपखंड कार्यालय परिसर से पकड़ा गया है।
पंचायत सचिव ने मांगी थी 40 हजार रुपए की रिश्वत
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामसुजान तिवारी के रूप में हुई है, जो ठोंगा और ताला ग्राम पंचायत के प्रभार में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत था। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत में कराए गए निर्माण कार्यों के लंबित भुगतान की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले उसने शिकायतकर्ता से कुल 40 हजार रुपए मांगे थे।
ये भी पढ़ें: गुजरात: अहमदाबाद एक्सप्रेस-वे पर पलटी तेज रफ्तार कार, पति-पत्नी की मौत; 8 साल की बेटी समेत 4 घायल
पहली किस्त में पहले ही दे चुका था 20 हजार रुपए
शिकायतकर्ता ने मजबूरी में रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 20 हजार रुपए सचिव को पहले ही दे दिए थे। इसके बाद आरोपी लगातार बाकी 20 हजार रुपए की दूसरी किस्त देने के लिए दबाव बना रहा था। रिश्वत की मांग से परेशान होकर पीड़ित ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई।
लोकायुक्त ने शिकायत का कराया सत्यापन
मामले की शिकायत मिलने के बाद रीवा लोकायुक्त पुलिस ने गोपनीय जांच शुरू की। टीम ने आवश्यक सत्यापन कराया, जिसमें पंचायत सचिव द्वारा रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष योजना तैयार की गई और ट्रैप कार्रवाई की तैयारी की गई।
RES कार्यालय में बिछाया गया जाल
लोकायुक्त टीम की तय योजना के मुताबिक शिकायतकर्ता दूसरी किस्त के 20 हजार रुपए लेकर मझौली स्थित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के उपखंड कार्यालय पहुंचा। यहां जैसे ही पंचायत सचिव रामसुजान तिवारी ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से घेराबंदी कर बैठी लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगे हाथों पकड़ लिया।
रिश्वत की रकम बरामद, कार्रवाई जारी
कार्रवाई के दौरान लोकायुक्त टीम ने आरोपी सचिव के पास से रिश्वत के 20 हजार रुपए बरामद कर लिए। इसके बाद टीम आरोपी को आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए जिला मुख्यालय ले गई है। लोकायुक्त की इस कार्रवाई से पंचायत विभाग में हड़कंप मच गया है।




















