Raipur:रक्षाबंधन पर मातम,बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचा भाई खारुन नदी में डूबा,तलाश जारी

रायपुर: रक्षाबंधन के दिन राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। महादेव घाट पर बहन की अस्थियां विसर्जित करने पहुंचे 35 वर्षीय युवक की खारुन नदी में डूबने की खबर सामने आई है। अस्थि विसर्जन के बाद नदी में नहाते समय युवक गहरे पानी में चला गया और एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आ गया। घटना के बाद पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: Bilaspur: बिलासपुर में दो पक्षों का विवाद बना हिंसा का मैदान,मारपीट के बाद जमकर पथराव
अस्थि विसर्जन के बाद नदी में उतरा युवक
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुरा के सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग (35 वर्ष) अपनी बहन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए अपने जीजा और अन्य परिजनों के साथ महादेव घाट पहुंचा था। परिवार ने विधि-विधान से अस्थि विसर्जन की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद युधिष्ठिर नदी में नहाने के लिए उतर गया।
एनीकट के नीचे तेज बहाव बना हादसे की वजह
बताया जा रहा है कि नदी में पानी का बहाव तेज था। नहाने के दौरान युधिष्ठिर अचानक गहरे पानी की ओर चला गया। इसी दौरान वह एनीकट के नीचे बने भंवर की चपेट में आ गया और देखते ही देखते नदी में समा गया। परिजनों और आसपास मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका।
गोताखोरों ने नदी में शुरू की तलाश
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम महादेव घाट पहुंची। गोताखोरों की मदद से खारुन नदी में युवक की तलाश शुरू की गई। काफी प्रयास के बावजूद अभी तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका है। रेस्क्यू टीम नदी के आसपास के हिस्से में लगातार तलाश कर रही है।
यह भी पढ़ें: Durg Bhilai: दुर्ग नगर निगम में महापौर की इनोवा में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचीं अलका बाघमार।
बहन की अस्थियां विसर्जित करने आया था भाई, अब उसी नदी में तलाश
एक ओर परिवार बहन की अंतिम विदाई की रस्म पूरी करने महादेव घाट पहुंचा था, वहीं कुछ ही देर बाद हुए हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। रक्षाबंधन के दिन हुए इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।




















