CG News:रायपुर में कुत्तों को खाना खिलाने के लिए नए नियम, 70 वार्डों में बने फीडिंग जोन

रायपुर। नगर निगम का मानना है कि इस व्यवस्था से डॉग लवर्स और स्थानीय रहवासियों के बीच होने वाले विवादों में कमी आएगी। निर्धारित जगहों पर भोजन कराने से आवारा कुत्तों की निगरानी और प्रबंधन भी बेहतर ढंग से किया जा सकेगा। निगम ने सभी जोनों में फीडिंग जोन की जानकारी सार्वजनिक कर दी है। इसके साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए चिन्हित स्थानों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं।
हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद निगम की पहल
रायपुर नगर निगम ने हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए शहरभर में स्ट्रीट डॉग्स के लिए अलग-अलग फीडिंग जोन तय किए हैं। निगम अधिकारियों के अनुसार इस व्यवस्था का उद्देश्य आवारा कुत्तों को भोजन कराने की प्रक्रिया को व्यवस्थित बनाना है। लंबे समय से इस मुद्दे पर विवाद की स्थिति बन रही थी। अब निर्धारित स्थानों पर भोजन कराने से किसी को कोई परेशानी नहीं होगी।
ये भी पढ़ें: IND vs AFG : हार्दिक पांड्या अफगानिस्तान वनडे सीरीज से बाहर, टीम इंडिया को बड़ा झटका
सभी जोनों में फीडिंग जोन तय किए
नगर निगम ने जोन-1 से लेकर जोन-10 तक सभी क्षेत्रों में स्थानों का चयन किया है। इनमें मैदान, बाजार क्षेत्र, तालाब परिसर, सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम और खाली प्लॉट जैसी जगहें शामिल हैं। इन जगहों पर सूचना बोर्ड भी लगाए गए हैं, ताकि लोगों को निर्धारित फीडिंग जोन का पता लग सके।
शिकायतों पर जारी रहेगी कार्रवाई
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि आवारा कुत्तों से संबंधित शिकायतों के निपटारे की प्रक्रिया पहले की तरह जारी रहेगी। किसी क्षेत्र से शिकायत मिलने पर संबंधित कुत्तों को पकड़कर एनिमल बर्थ कंट्रोल नियमों के तहत जांच की जाएगी। इसके बाद आवश्यक चिकित्सा और प्रबंधन संबंधी प्रक्रियाएं पूरी की जाएंगी।
ये भी पढ़ें: टीएमसी में अंदरूनी कलह: ममता बनर्जी को एक और झटका, बागियों की लिस्ट में सयानी घोष का भी नाम शामिल!
टीकाकरण और नसबंदी पर भी जोर
निगम द्वारा पकड़े गए स्ट्रीट डॉग्स का डी-वॉर्मिंग, एंटी रेबीज टीकाकरण और नसबंदी कराई जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इससे आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के साथ-साथ रेबीज जैसी बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी। निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने क्षेत्र के जोन कार्यालय से फीडिंग जोन की जानकारी प्राप्त कर निर्धारित स्थानों का ही उपयोग करें।












