खिलचीपुर में हर्षोल्लास से मना भाई दूज: बहनों ने लगाया तिलक, भाइयों ने दिया रक्षा का संकल्प
बुधवार को खिलचीपुर नगर सहित पूरे ग्रामीण अंचल में भाई-बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज परंपरागत तरीके से मनाया गया, बाजारों में रही भारी भीड़।

भाई दूज का पर्व मनाया गया।
खिलचीपुर। खिलचीपुर नगर सहित पूरे ग्रामीण अंचल में बुधवार को भाई-बहन के अटूट स्नेह और विश्वास का पर्व भाई दूज पूरे हर्षोल्लास और परंपरागत तरीके से मनाया गया। सुबह से ही नगर के हर घर में त्योहार की खास रौनक देखने को मिली। पर्व को लेकर बच्चों में विशेष उत्साह नजर आया। पारंपरिक परिधानों में सजे नन्हे-मुन्ने भाई-बहनों का प्यार और मासूम उत्साह हर किसी का मन मोह रहा था। शुभ मुहूर्त में बहनों ने अपने भाइयों की आरती उतारकर माथे पर रोली-अक्षत का तिलक लगाया और उनकी दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को उपहार भेंट कर सदैव उनकी रक्षा करने का संकल्प लिया। त्योहार के चलते सुबह से ही नगर के मुख्य बाजारों, मिठाई और गिफ्ट की दुकानों पर ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ी रही, जिससे देर शाम तक बाजार गुलजार रहे।




















