गुढ़ियारी थाने में भाजयुमो नेता का हंगामा,DJ छुड़ाने पहुंचा, पुलिस से विवाद के बाद तोड़फोड़, FIR दर्ज

रायपुर: रायपुर के गुढ़ियारी थाने में DJ वाहन छुड़ाने पहुंचे भाजयुमो नेता शुभांकर द्विवेदी पर पुलिस ने FIR दर्ज की है। आरोप है कि निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध DJ बजाने पर हुई पुलिस कार्रवाई को रुकवाने के दौरान उन्होंने थाने में विवाद किया और थाना परिसर में तोड़फोड़ की। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है।
DJ कार्रवाई रोकने पहुंचे थे नेता
जानकारी के मुताबिक, निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध DJ बजाए जाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की थी। इसी कार्रवाई के बाद संबंधित DJ वाहन को छुड़ाने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी गुढ़ियारी थाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने पुलिस कार्रवाई रोकने और संबंधित व्यक्ति को छोड़ने का दबाव बनाया। इसी दौरान पुलिसकर्मियों के साथ उनका विवाद हो गया।

ये भी पढ़ें: नर्स को शादी का झांसा देकर 4 साल तक करता रहा शारीरिक शोषण,श्री रामकृष्ण हॉस्पिटल के डायरेक्टर पर FIR, आरोपी फरार
थाने में बढ़ा विवाद, हुई तोड़फोड़
पुलिस के मुताबिक विवाद बढ़ने के बाद शुभांकर द्विवेदी ने कथित तौर पर थाना परिसर में तोड़फोड़ की। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें थाने में हुए विवाद और हंगामे से जुड़े दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
FIR के बाद बढ़ी मुश्किलें
रायपुर नॉर्थ DCP दीपमाला कश्यप के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर की है। उन्होंने बताया कि शुभांकर द्विवेदी DJ वाहन छोड़ने के लिए थाने पहुंचे थे। इसी दौरान विवाद हुआ और थाना परिसर में तोड़फोड़ की गई। DCP के मुताबिक, पुलिस ने तत्काल संज्ञान लेते हुए शासकीय कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ के आरोप में FIR दर्ज की है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: रायपुर में प्रेमिका को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, इलाज के दौरान राजकुमारी साहू की मौत आरोपी गिरफ्तार
कांग्रेस ने मांगी बुलडोजर कार्रवाई
घटना के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने गुढ़ियारी थाने में हुई तोड़फोड़ और पुलिस अधिकारी के साथ कथित मारपीट का हवाला देते हुए गृह मंत्री विजय शर्मा और पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला के इस्तीफे की मांग की है। मेनन ने आरोपी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।
कांग्रेस का बड़ा राजनीतिक हमला
श्रीकुमार मेनन ने आरोप लगाया कि भाजपा छत्तीसगढ़ को बिहार बनाने की तैयारी कर चुकी है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी भी व्यक्ति को राजनीतिक प्रभाव के आधार पर राहत नहीं मिलनी चाहिए।कांग्रेस ने पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सरकार को घेरने की रणनीति तेज कर दी है।
ये भी पढ़ें: रायपुर में गणेशोत्सव की धूम, गोलबाजार के बप्पा को पहनाया 771 ग्राम सोने का मुकुट, CM साय ने की पूजा
अब पुलिस कार्रवाई पर नजर
गुढ़ियारी थाने में हुई इस घटना के बाद अब पुलिस की आगामी कार्रवाई पर नजर है। एक ओर आरोपी भाजयुमो नेता के खिलाफ FIR दर्ज हो चुकी है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस ने मामले को कानून-व्यवस्था और राजनीतिक संरक्षण से जोड़ते हुए सरकार पर हमला तेज कर दिया है।




















