रायपुर में गणेशोत्सव की धूम, गोलबाजार के बप्पा को पहनाया 771 ग्राम सोने का मुकुट, CM साय ने की पूजा

CHHरायपुर: राजधानी रायपुर में गणेशोत्सव का उत्साह चरम पर है। गोलबाजार हनुमान मंदिर परिसर में विराजे भगवान गणेश का इस बार भव्य स्वर्ण श्रृंगार किया गया। गणपति बप्पा को करीब 771 ग्राम वजन का सोने का मुकुट पहनाया गया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। गणेश स्थापना के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी गोलबाजार पहुंचे और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
100 साल पुरानी परंपरा, इस बार भी भव्य गणेशोत्सव
रायपुर का गोलबाजार गणेशोत्सव अपनी पुरानी परंपरा के लिए खास पहचान रखता है। यहां पिछले 100 साल से भी अधिक समय से गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। इस बार भी गणेश प्रतिमा की स्थापना के साथ ही पूरे क्षेत्र में उत्साह और भक्ति का माहौल नजर आया।
ये भी पढ़ें: PM आवास पर सियासी आर-पार, एक मंच पर भूपेश बघेल Vs विजय शर्मा आंकड़ों से होगी असली लड़ाई
771 ग्राम सोने के मुकुट से सजे बप्पा
गोलबाजार हनुमान मंदिर परिसर में विराजित भगवान गणेश को करीब 771 ग्राम वजन का स्वर्ण मुकुट चढ़ाया गया। मुकुट पहनाए जाने के बाद भगवान गणेश का स्वरूप और भी आकर्षक नजर आया। दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ मंदिर परिसर में पहुंची।
CM साय ने की पूजा-अर्चना
गणेश स्थापना के पहले दिन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय गोलबाजार पहुंचे। उन्होंने भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोलबाजार में विराजे गणपति भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भगवान गणेश को अपने हाथों से स्वर्ण मुकुट पहनाने का अवसर मिला।
ये भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में बिजली कंपनी का बड़ा एक्शन, 750 सरकारी दफ्तरों की बिजली गुल, 4.43 करोड़ वसूले
1.15 करोड़ से ज्यादा आंकी जा रही कीमत
भगवान गणेश को चढ़ाए गए स्वर्ण मुकुट की कीमत करीब 1 करोड़ 15 लाख रुपये से अधिक आंकी जा रही है। मुकुट के स्वर्ण वजन और इसकी कीमत ने इस बार गोलबाजार गणेशोत्सव को खास आकर्षण बना दिया है।
आरती के बाद बांटा गया प्रसाद
स्वर्ण मुकुट पहनाने के बाद भगवान गणेश की आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। गणेशोत्सव के पहले ही दिन मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे और पूरे गोलबाजार क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।
ये भी पढ़ें: SSB कैंप में जवान ने उठाया खौफनाक कदम,सर्विस रायफल से खुद को मारी गोली
कौन-कौन रहा मौजूद?
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ अपेक्स बैंक के चेयरमैन केदार गुप्ता, गोलबाजार व्यापारी संघ के सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। गणेशोत्सव को लेकर क्षेत्र के लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।




















