दमोह में ई-रिक्शा पलटने से 3 साल के मासूम की मौत, खेलते समय हुआ हादसा

दमोह। हादसे के वक्त बच्चा दूसरे बच्चों के साथ रिक्शा में खेल रहा था। अचानक रिक्शा आगे बढ़ा और पलट गया। उसके नीचे दबने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके।
अचानक आगे बढ़ा रिक्शा, नीचे दब गया मासूम
मृतक की पहचान अजीत पिता देवेंद्र अहिरवार (3) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, रविवार सुबह अजीत घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा में अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान अचानक रिक्शा आगे बढ़ा और अनियंत्रित होकर पलट गया। अजीत वाहन के नीचे दब गया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। उन्होंने तत्काल रिक्शा उठाकर बच्चे को बाहर निकाला।
ये भी पढ़ें: रीवा में सड़क नहीं: एंबुलेंस भी गांव में नहीं आ सकी, बीमार बुजुर्ग महिला को डोली में लेकर एक किमी चले ग्रामीण
हिंडोरिया से जिला अस्पताल किया रेफर
परिजन अजीत को तत्काल हिंडोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक जांच के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल प्रबंधक डॉ. सुरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि बच्चे को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलने पर हिंडोरिया पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई के बाद बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम किया है। मासूम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है। जिस घर में बच्चों की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां अब परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।




















