Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सारंगढ़ में गोवंशों पर बर्बरता,8 मवेशियों को रस्सियों से बांधकर नहर में फेंका, 7 की बची जान एक की हुई मौत

छग के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में 8 गोवंशों को रस्सियों से बांधकर नहर में फेंकने का मामला सामने आया है। सूचना पर पहुंचे गौ-सेवकों ने रेस्क्यू कर 7 गोवंशों की जान बचाई, जबकि एक की मौत हो गई। नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन ने एसपी और कलेक्टर से दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
सारंगढ़ में गोवंशों पर बर्बरता,8 मवेशियों को रस्सियों से बांधकर नहर में फेंका, 7 की बची जान एक की हुई मौत

के पी पटेल,सारंगढ़: छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में गोवंशों के साथ क्रूरता का रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। रायगढ़ रोड स्थित नहर में 8 गोवंशों को रस्सियों से बांधकर फेंक दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही गौ-सेवकों ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद 7 गोवंशों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि एक गोवंश की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठी है।

अधिक जानकारी: जबलपुर में 57 घोड़ों में से 19 की मौत, प्रशासन ने दर्ज की FIR, फार्म मालिक और हैदराबाद की एक कंपनी पर पशु क्रूरता का आरोप

रस्सियों से बांधकर नहर में फेंके 8 गोवंश, सुबह 7 बजे मिली सूचना

सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के रायगढ़ रोड स्थित नहर के पास रविवार सुबह करीब 7 बजे यह अमानवीय घटना सामने आई। जानकारी के मुताबिक, वार्ड क्रमांक-3 के एक स्थानीय निवासी ने नहर में 8 गोवंशों को रस्सियों से बंधी हालत में पड़े देखा। इसके बाद तत्काल गौसेवा आयोग जिला सारंगढ़ की प्रभारी एवं छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन की पदाधिकारी हेमन्ती भारती को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुए गौ-सेवक, शुरू किया रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की जानकारी मिलते ही हेमन्ती भारती ने संस्था के जिला अध्यक्ष नत्थूलाल अग्रवाल और अन्य गौ-रक्षकों को सूचित किया। सूचना मिलते ही गौ-सेवक मौके पर पहुंचे और नहर में फंसे गोवंशों को बचाने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। गौ-रक्षकों ने काफी मशक्कत और सामूहिक प्रयासों के बाद 7 गोवंशों को सुरक्षित नहर से बाहर निकाल लिया। हालांकि, तमाम कोशिशों के बावजूद एक गोवंश की जान नहीं बचाई जा सकी।

अधिक जानकारी: ट्रक में 354 पशुओं को ले जा रहा था, 7 आरोपी गिरफ्तार; जांच में जुटी पुलिस

एक गोवंश की मौत से गौ-सेवकों में आक्रोश

इस घटना की जानकारी संस्था की संस्थापिका एवं प्रदेश अध्यक्ष सुश्री आरूती सिंह को भी दी गई। उन्होंने गोवंशों के साथ हुई इस कथित क्रूरता पर गहरा आक्रोश जताते हुए इसे मानवता को शर्मसार करने वाली अमानवीय घटना बताया। उन्होंने दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

अधिक जानकारी: कटनी में 263 भेड़-बकरियों से भरा ट्रक पकड़ा, बिना परमिट और क्रूरता से परिवहन का आरोप; 2 आरोपी गिरफ्तार

कलेक्टर और एसपी से दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

घटना के बाद छत्तीसगढ़ नागरिक सुरक्षा वेलफेयर फाउंडेशन ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित विभागीय अधिकारियों से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।संस्था ने मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, गोवंशों को नहर में फेंकने वाले आरोपियों की पहचान कर शीघ्र गिरफ्तारी की जाए तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम समेत लागू कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर कार्रवाई की जाए।

आखिर कौन है बेजुबानों की जान का दुश्मन?

सारंगढ़ में सामने आई इस घटना ने गोवंशों की सुरक्षा और पशुओं के प्रति संवेदनशीलता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल उपलब्ध जानकारी में घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान और पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई का विवरण सामने नहीं आया है। अब देखना होगा कि पुलिस जांच में इस अमानवीय कृत्य के पीछे शामिल लोगों का खुलासा कब तक होता है।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts