Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

ग्वालियर में साइबर ठगी: सिम पोर्ट होते ही क्रेडिट कार्ड से 4.27 लाख की खरीदारी, पेट्रोल पंप संचालक को बनाया निशाना

जियो का मोबाइल नंबर अचानक हुआ बंद, बिना जानकारी एयरटेल नेटवर्क पर हुआ पोर्ट; अमेजन के जरिए आरबीएल बैंक के क्रेडिट कार्ड से उड़ाए 4,27,333 रुपये
ग्वालियर में साइबर ठगी: सिम पोर्ट होते ही क्रेडिट कार्ड से 4.27 लाख की खरीदारी, पेट्रोल पंप संचालक को बनाया निशाना

ग्वालियर में साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए एक पेट्रोल पंप संचालक को निशाना बनाया। जियो की सिम अचानक बंद होने और बिना जानकारी एयरटेल नेटवर्क पर पोर्ट होने के बाद उनके आरबीएल बैंक के क्रेडिट कार्ड से 4 लाख 27 हजार 333 रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली गई। पीड़ित को जब ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली तो उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बहोड़ापुर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई।

सिम बंद होते ही शुरू हुई साइबर ठगी

बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के सागरताल स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के एमआईजी फ्लैट में रहने वाले 50 वर्षीय संजय ध्रुवकरया पुत्र वृंदावन ध्रुवकरया का अंबाह में पेट्रोल पंप है। इसके अलावा वह ग्वालियर में बैटरी चलित वाहनों का कारोबार भी करते हैं।

संजय के मुताबिक, उनका जियो मोबाइल नंबर अचानक बंद हो गया। उन्हें इसकी जानकारी तब हुई, जब मोबाइल नेटवर्क मिलना बंद हो गया। बाद में पता चला कि उनका नंबर बिना जानकारी के एयरटेल नेटवर्क पर पोर्ट हो गया है। इसी दौरान 19 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे अज्ञात व्यक्ति ने उनके आरबीएल बैंक के क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल कर अमेजन के माध्यम से 4,27,333 रुपये की खरीदारी कर ली।

ग्वालियर के GRMC मेडिकल कॉलेज में छात्रा से दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी छात्र फरार

बैंक और कारोबार से जुड़ा है मोबाइल नंबर

इस घटना के बाद पीड़ित के सामने आर्थिक नुकसान के साथ मोबाइल नंबर को लेकर भी बड़ी परेशानी खड़ी हो गई है। उनका कहना है कि संबंधित मोबाइल नंबर उनके बैंक खाते, गैस कनेक्शन और कारोबार से जुड़े ग्राहकों के पास दर्ज है।

ऐसे में सिम बंद होने के कारण बैंकिंग सहित कई जरूरी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। पीड़ित चाहते हैं कि पुरानी सिम को बंद कराकर उसी मोबाइल नंबर की नई सिम जारी की जाए, ताकि वह दोबारा सुरक्षित तरीके से अपने नंबर का इस्तेमाल कर सकें।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू

मामले में पीड़ित ने पहले साइबर हेल्पलाइन 1930 पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद बहोड़ापुर थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई गई। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार के मुताबिक, ऑनलाइन शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। क्रेडिट कार्ड से हुई खरीदारी से जुड़े स्थानों पर संपर्क कर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Ambrish Anand
By Ambrish Anand

Latest Posts