छत्तीसगढ़ में पटवारियों की हड़ताल पर सरकार सख्त,अरुण साव की दो टूक- काम पर लौटें, किसानों के नुकसान का होगा सर्वे

रायपुर: छत्तीसगढ़ में पीवी ऐप के विरोध में पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी है। प्रदेशभर में चल रहे इस आंदोलन के बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन के जरिए अपनी मांग रखना अधिकार है, लेकिन कर्मचारियों की पहली जिम्मेदारी जनता की सेवा करना है। वहीं, चक्रवाती तूफान अर्नब से फसलों को हुए नुकसान पर सरकार ने सर्वे कराने की बात कही है। दूसरी ओर कांग्रेस के दिल्ली प्रदर्शन और राज्योत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर को लेकर सियासी बयानबाजी भी तेज हो गई है।
पीवी ऐप के विरोध में पटवारियों की हड़ताल, डिप्टी CM साव बोले- जनता के हितों को प्राथमिकता दें
प्रदेश में पीवी ऐप के विरोध में पटवारियों का अनिश्चितकालीन आंदोलन लगातार जारी है। इससे राजस्व विभाग से जुड़े कामकाज प्रभावित होने की आशंका के बीच उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने आंदोलनरत कर्मचारियों को नसीहत दी है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में आंदोलन के माध्यम से अपनी बात रखना जरूरी है। कर्मचारी जनता की सेवा के लिए नियुक्त होते हैं, इसलिए उन्हें जनहित को ध्यान में रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

संबंधित खबर: हरदा: पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, राजस्व कार्य हुए प्रभावित
सरकार मांगों पर करेगी विचार
डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि सरकार पटवारियों की मांगों पर विचार करेगी। साथ ही उन्होंने पटवारियों से अपील की कि वे हड़ताल समाप्त कर काम पर लौटें और आम जनता के हितों को प्राथमिकता दें।
तूफान अर्नब से बर्बाद हुई किसानों की फसल, सरकार कराएगी नुकसान का सर्वे
चक्रवाती तूफान अर्नब के असर से छत्तीसगढ़ के कई इलाकों में बारिश के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। खेतों में कटी धान की फसल भीगने और खराब होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में सरकार ने प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए फसल नुकसान का सर्वे कराने की बात कही है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर सर्वे की तैयारी
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जिन किसानों ने निर्धारित नियमों और प्रक्रिया के तहत फसल नुकसान की जानकारी दी है, उनके खेतों का सर्वे कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और मुख्यमंत्री के निर्देश पर नुकसान का आकलन किया जा रहा है। vसर्वे रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन पर अरुण साव का हमला, बोले- मुद्दाविहीन हो चुकी है पार्टी
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को प्रस्तावित कांग्रेस के प्रदर्शन को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत गरमा गई है। उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी मुद्दाविहीन हो चुकी है और उसे जनता की समस्याओं से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में अराजकता और अस्थिरता पैदा करना कांग्रेस का एजेंडा बन गया है। जिन मुद्दों को लेकर कांग्रेस आंदोलन कर रही है, उनका आम जनता से कोई सरोकार नहीं है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
डिप्टी सीएम ने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों के प्रति जनता में आक्रोश है। इसका परिणाम आने वाले समय में दिखाई देगा। उन्होंने कांग्रेस के आंदोलन को जनहित से दूर बताते हुए पार्टी की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाए।
छत्तीसगढ़ में राज्योत्सव, कांग्रेस दिल्ली में प्रदर्शन पर निकली; साव ने उठाए सवाल
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के आयोजन के बीच कांग्रेस के दिल्ली में प्रदर्शन करने को लेकर भी उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी का न तो जनहित से कोई लेना-देना है और न ही राज्य और देश के विकास से। छत्तीसगढ़ में राज्योत्सव का आयोजन हो रहा है, लेकिन कांग्रेस यहां मौजूद रहने के बजाय दिल्ली में प्रदर्शन कर रही है। जनता सब देख और समझ रही है। साव ने कहा कि कांग्रेस अनावश्यक मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रही है। जनता सब देख रही है और समझ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस की गंभीरता दिखाई नहीं देती।
संबंधित खबर: पटवारियों की मांगों पर डिप्टी CM राजेंद्र शुक्ल की पहल, मुख्य सचिव को भेजी नोटशीट
राज्योत्सव में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर पर सियासी घमासान, कांग्रेस को साव का जवाब
राज्योत्सव 2026 में छत्तीसगढ़ महतारी की तस्वीर नहीं होने के आरोप को लेकर कांग्रेस ने सरकार को घेरा है। इस पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने पलटवार करते हुए कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी करार दिया। उन्होंने सवाल उठाया कि राज्योत्सव छोड़कर दिल्ली में आंदोलन करने जा रहे कांग्रेस के नेता किस मुंह से छत्तीसगढ़ महतारी के सम्मान की बात कर रहे हैं?
कांग्रेस से प्रमाण लेने की जरूरत नहीं
डिप्टी सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ महतारी और छत्तीसगढ़ियावाद के नाम पर प्रदेश को अपमानित करने और लूटने का काम किया है। उन्होंने नक्सलवाद को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया। साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी के मान-सम्मान और गौरव को लेकर कांग्रेस का रवैया जनता जानती है। सरकार के मन में छत्तीसगढ़ महतारी के प्रति सम्मान और श्रद्धा है। इसके लिए कांग्रेस से प्रमाण लेने की जरूरत नहीं है।




















