Naresh Bhagoria
4 Feb 2026
तिरुवनंतपुरम। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ केरल दौरे के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। वहीं ये राष्ट्रपति की सुरक्षा में बड़ी चूक बताई जा रही है। बुधवार (22 अक्टूबर) को जब राष्ट्रपति को सबरीमला मंदिर ले जाने वाला वायुसेना का हेलिकॉप्टर पत्तनामथिट्टा के प्रमादोम स्टेडियम में बने अस्थाई हेलीपैड पर उतरा, तो वह धंस गया। हालांकि, राष्ट्रपति मुर्मू उस वक्त हेलिकॉप्टर के अंदर नहीं थीं।
दरअसल, खराब मौसम के कारण अंतिम समय में हेलीपैड को निलक्कल की जगह प्रमादोम स्टेडियम में बनाने का फैसला लिया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार देर रात हेलीपैड का निर्माण किया गया, लेकिन कंक्रीट और सीमेंट का मिश्रण हेलिकॉप्टर का वजन सहने के लिए पूरी तरह सूख नहीं पाया था। इसी कारण हेलिकॉप्टर के उतरते ही पहिए से गड्ढे बन गए और टारमैक का एक हिस्सा नीचे धंस गया। बता दें कि, यह घटना सुरक्षा प्रोटोकॉल पर सवाल खड़े करती है।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए, मौके पर तैनात पुलिस और दमकल विभाग के कर्मियों ने तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने शारीरिक रूप से मिलकर हेलिकॉप्टर को धंसी हुई जगह से बाहर की ओर धकेला, जिससे वायुसेना के हेलिकॉप्टर को सुरक्षित निकाला जा सका। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है।
बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 21 अक्टूबर को केरल पहुंची थीं। आज (22 अक्टूबर) उनका सबरीमला स्थित भगवान अयप्पा मंदिर में दर्शन करने का कार्यक्रम है। इसके बाद वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगी और 24 अक्टूबर को एर्णाकुलम से उनका दौरा समाप्त होगा। राज्य खुफिया विभाग की चेतावनी के बावजूद हेलीपैड इस्तेमाल किए जाने को लेकर जांच की जा रही है।