अब बिना e-KYC नहीं मिलेगा राशन! सरकार ने सख्त किया नियम, लाखों कार्ड हो सकते हैं रद्द

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने राशन वितरण प्रणाली को पारदर्शी और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। 22 जुलाई 2025 को सरकार ने “लक्षित सार्वजनिक वितरण प्रणाली (नियंत्रण) संशोधन आदेश, 2025” को नोटिफाई किया है। इस आदेश के तहत ऐसे राशन कार्ड जिनसे बीते 6 महीने से राशन नहीं उठाया गया है, उन्हें डीएक्टिवेट कर दिया जाएगा।
इसके बाद ऐसे कार्ड धारकों की पात्रता घर-घर जाकर जांच और e-KYC (आधार से बायोमेट्रिक सत्यापन) के जरिए दोबारा तय की जाएगी। यह नियम प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के लाभार्थियों पर भी लागू होगा।
देशभर में 23 करोड़ राशन कार्ड, कितने होंगे रद्द?
देश में वर्तमान में लगभग 23 करोड़ सक्रिय राशन कार्ड हैं। लेकिन सरकार को अंदेशा है कि इनमें से 7% से 18% कार्ड फर्जी या डुप्लिकेट हो सकते हैं। यानी करीब 25 लाख से ज्यादा कार्ड रद्द किए जा सकते हैं। हालांकि, वास्तविक संख्या जांच के बाद ही सामने आएगी। राज्यों को आदेश दिया गया है कि वे इस नियम का सख्ती से पालन करें और अपात्र लाभार्थियों की पहचान करें।
अब हर 5 साल में होगी पात्रता की समीक्षा
- खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय ने कहा है कि अब राशन कार्ड की पात्रता सूची हर 5 साल में रिव्यू की जाएगी।
- 5 साल से कम उम्र के बच्चों का आधार कार्ड जरूरी होगा।
- 5 साल पूरे होते ही उनका e-KYC अनिवार्य किया जाएगा।
- डुप्लिकेट एंट्री वाले कार्ड 3 महीने के लिए निलंबित किए जाएंगे, फिर सत्यापन के बाद फिर से एक्टिव होंगे।
- नए राशन कार्ड अब “पहले आओ, पहले पाओ” आधार पर बनाए जाएंगे और राज्य पोर्टलों पर प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी।
बिहार में फिर उठ सकता है सियासी विवाद
बिहार में इस नए आदेश से नया विवाद खड़ा हो सकता है। राज्य में अकेले 8.71 करोड़ राशन कार्ड हैं और यहां पहले से ही मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान को लेकर विवाद चल रहा है। कई सांसदों ने इस नियम की टाइमिंग पर सवाल उठाए हैं और आशंका जताई है कि विपक्ष इसे लोगों के राशन कार्ड रद्द करने के तौर पर प्रचारित कर सकता है।
कैसे कराएं राशन कार्ड की e-KYC?
ऑफलाइन तरीका:
- अपने नजदीकी राशन डीलर या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाएं
- राशन कार्ड और सभी परिवार के सदस्यों के आधार कार्ड साथ लें
- वहां POS मशीन से बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन होगा
- प्रक्रिया पूरी होने पर e-KYC पूरा माना जाएगा
ऑनलाइन तरीका:
- अपने राज्य के राशन पोर्टल, या मेरा राशन / आधार फेस RD एप डाउनलोड करें
- आधार नंबर डालकर OTP वेरिफिकेशन करें
- मोबाइल कैमरे से फेस स्कैन करें
- प्रोसेस पूरा होने पर e-KYC सफल हो जाएगी
फर्जीवाड़े रोकने के लिए सरकार की बड़ी पहल
सरकार का कहना है कि यह कदम फर्जी राशन कार्ड और अपात्र लाभार्थियों को सिस्टम से बाहर करने के लिए जरूरी है। कई बार देखा गया है कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद भी राशन कार्ड से लाभ उठाया जा रहा है। जिन्हें सरकारी अनाज की जरूरत नहीं, वे भी योजनाओं का फायदा ले रहे हैं। कुछ लोगों ने सिर्फ आयुष्मान भारत कार्ड या EWS कोटे का लाभ लेने के लिए राशन कार्ड बनवा लिया। है।
अगर नहीं कराया e-KYC, तो कट सकता है नाम
- सरकार ने स्पष्ट किया है कि बिना e-KYC के कार्ड डीएक्टिवेट कर दिए जाएंगे।
- यदि आपने पिछले 6 महीने से राशन नहीं उठाया है या अब तक e-KYC नहीं कराई है, तो फौरन यह काम पूरा करें।
- क्योंकि एक बार कार्ड रद्द हो गया, तो न केवल मुफ्त राशन, बल्कि अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी हाथ से फिसल जाएगा।
समय रहते करा लें e-KYC
सरकार ने इसके लिए डेडलाइन तय की है और राज्यों को आदेश दिया है कि वे अंतिम तारीख के बाद बिना KYC वाले कार्ड को सस्पेंड करें। यह प्रक्रिया थोड़ी सी ज़रूर है, लेकिन इसके बिना मुफ्त गेहूं-चावल मिलना बंद हो सकता है। सरकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान, EWS एडमिशन, गैस योजना आदि से वंचित रह सकते हैं। इसलिए समय रहते e-KYC कराएं और अपने राशन कार्ड को सक्रिय बनाए रखें।











