VIT Students Protest :VIT यूनिवर्सिटी में लाखों रुपए फीस देने के बाद खाना तो दूर, अच्छा पानी भी नहीं मिलता

सीहाेर जिले स्थित वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT) यूनिवर्सी  में छात्रों के आंदोलन के बाद छुट्टियां घोषित कर दी गईं हैं। यहां अक्सर सुविधाओं को लेकर विवाद होते रहे हैं। बड़ी बात यह है कि लाखों रुपए फीस जमा करने के बाद भी छात्रों को अच्छा पानी तक नसीब नहीं होता।
VIT यूनिवर्सिटी में लाखों रुपए फीस देने के बाद खाना तो दूर, अच्छा पानी भी नहीं मिलता
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    भोपाल। वेल्लोर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (VIT) एक बार फिर अपनी बदइंताजामियों के कारण देशभर में चर्चा का विषय है। इस यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले छात्रों ने मंगलवार रात को खराब पानी पीने के बाद तबीयत बिगड़ने की शिकायतों को लेकर कैंपस में कई वाहन फूंक दिए और तोड़फोड़ कर दी। इसके बाद से प्रबंधन ने 8 दिसंबर तक की छुट्‌टी घोषित कर दी है। ऐसे में छात्रों के साथ उनके परिजन परेशान हैं। पालक अपने बच्चों की सुरक्षा और घर वापसी को लेकर चिंतित हैं। कई छात्रों को ट्रेन में रिजर्वेशन नहीं मिलने पर स्टेशन पर रात गुजारनी पड़ी। यूनिवर्सिटी में असुविधाओं की लंबी फेहरिस्त है।

    कलेक्टर को फोन कराया तब मिला पानी 

    यूनिवर्सिटी के एक पासआउट स्टूडेंट के पिता ने बताया कि पिछले साल हमारा बेटा वहां पढ़ता था। उस कैंपस में पीने के लिए अच्छा पानी भी नहीं मिलता। इस समस्या को लेकर हमने भोपाल के एक सचिव स्तर के एक अधिकारी से सीहोर कलेक्टर को फोन कराया था तब कहीं पानी मिल सका था। उन्होंने बताया कि टैंकर से पानी सप्लाई होने के कारण यूनिवर्सिटी ने कम पानी पीने जैसा तुगलकी आदेश जारी कर दिया था। गर्मी के मौसम में कम पानी पीने की सलाह पर छात्र भड़क गए थे। इसी बात को लेकर वे सड़कों पर उतर गए थे और एक प्रोफेसर की गाड़ी में तोड़फोड़ कर दी थी।

    जब भी परीक्षा आती है ऐसा ही होता है

    एक छात्रा ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि कैंपस में प्रबंधन उस वक्त ऐसी लापरवाही करता है जब परीक्षाएं नजदीक होती हैं। उसने बताया कि दिसंबर के दूसरे सप्ताह में परीक्षाएं घोषित हैं लेकिन अब 8 दिसंबर तक छुट्‌टी घोषित कर दी गई हैं। इससे पहले पिछले साल भी जून में परीक्षा होनी थी और मई के आखिरी सप्ताह में पानी की किल्लत शुरू हो गई थी। उस दौरान भी छात्रों ने अपनी मांग को लेकर प्रदर्शन किया था तो प्रबंधन ने छुट्‌टी घोषित कर दी थी।

    बड़ा नाम सुनकर आते हैं छात्र  

    दरअसल सीहोर जिले के आष्टा के पास स्थित VIT  यूनिवर्सिटी वेल्लोर के नाम पर चलती है। स्टूडेंट और उनके अभिभावकों लगता है कि जैसा कैंपस वेल्लार में है वैसा ही यहां होगा। वहां एडमिशन मिलने में परेशानी होने के कारण देशभर के स्टूडेंट यहां एडमिशन लेने चले आते हैं। VIT के वेल्लोर और चेन्नई में बड़े कैंपस हैं। इसके अलावा भोपाल (सीहोर), बेंगलुरु और अमरावती में यूनिवर्सिटी कैंपस हैं। एक ब्रांच मॉरिशस में है।

    इससे पहले भी हुए कई विवाद

    VIT  पहले भी विवादों के कारण चर्चा में रहा है। यहां पिछले साल एक गार्ड ने रजिस्ट्रार के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करया था। यहां नवंबर 2024 में हॉस्टल की छात्राओं का नहाते हुए वीडियो सामने आया था। इसके बाद 74 छात्राओं को सस्पेंड कर दिया गया था। तीन साल पहले 2022 में कैंपस में हनुमान चालीसा का पाठ करने पर जुर्माना लगा दिया गया था। इसके अलावा एक स्टूडेंट ने पिछले साल आत्महत्या कर ली थी। 

    Naresh Bhagoria
    By Naresh Bhagoria

    नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

    Latest Posts