'दुनिया से 6 गुना कम है भारत का कार्बन उत्सर्जन', PM मोदी ने जलवायु परिवर्तन पर दिया बड़ा संदेश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पर्यावरण और जलवायु पर हुए अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत के जलवायु प्रयासों और रिन्यूएबल एनर्जी को लेकर कई अहम बातें कहीं। उन्होंने कहा कि भारत का प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन दुनिया के औसत के आधे से भी कम है, जबकि विकसित देशों में प्रति व्यक्ति उत्सर्जन भारत की तुलना में करीब 6 गुना ज्यादा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत पर्यावरण सुरक्षा को लेकर दुनिया को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है और नए मापदंड स्थापित कर रहा है।
12 साल में सोलर क्षमता 2 से बढ़कर 160 गीगावाट से ज्यादा
पीएम मोदी ने बताया कि पिछले 12 वर्षों में भारत की सोलर क्षमता में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। यह क्षमता 2 गीगावाट से बढ़कर 160 गीगावाट से ज्यादा हो गई है। उन्होंने कहा कि रिन्यूएबल एनर्जी पर सरकार का बड़ा फोकस रहा है और इसने पर्यावरण सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 50 लाख से ज्यादा घरों में रूफटॉप सोलर पैनल लगाए जा चुके हैं। इस योजना के जरिए घरों को सिर्फ बिजली का उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली बनाने का केंद्र बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। सरकार की ओर से हर घर को करीब 80 हजार रुपए तक की मदद भी दी गई है।
पेरिस के वादे समय से पहले पूरे करने का दावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने पेरिस समझौते के तहत किए गए अपने वादों को तय समय से पहले पूरा किया है। उन्होंने बताया कि जी20 में भारत इकलौता ऐसा देश है जिसने कॉप21 के तहत किए गए सभी वादों को समय से पहले पूरा किया। पीएम मोदी के मुताबिक गैर-जीवाश्म ईंधन, सोलर क्षमता और कार्बन उत्सर्जन को कम करने जैसे कई पैमानों पर भारत के प्रयासों की चर्चा हो रही है। उन्होंने कहा कि भारत इन उपलब्धियों और अपने प्रयासों को वैश्विक मंचों पर मजबूती से रखता है।
वन वर्ल्ड वन ग्रिड से लेकर ग्लोबल बायोफ्यूल एलायंस तक
पीएम मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के लिए भारत की ओर से शुरू किए गए और सहयोग किए जा रहे कई वैश्विक मंचों का भी जिक्र किया। इनमें वन वर्ल्ड वन ग्रिड, इंटरनेशनल सोलर एलायंस, सीडीआर, ग्लोबल बायोफ्यूल एलायंस, इंटरनेशनल बिग कैट एलायंस और मिशन लाइफ यानी लाइफस्टाइल फॉर एनवायरनमेंट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी मंच जलवायु और पर्यावरण को लेकर भारत की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं। भारत पर्यावरण बचाने से जुड़े अपने प्राचीन विचारों को आधुनिक सोच के साथ जोड़कर आगे बढ़ रहा है।
30 लाख किसानों के खेतों में सोलर पंप
पीएम मोदी ने कुसुम योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत 30 लाख किसानों के खेतों में सोलर पंप लगाए गए हैं। इसके अलावा वन नेशन वन ग्रिड प्रोजेक्ट पूरा होने और करोड़ों घरों में एलईडी बल्ब पहुंचने की जानकारी भी दी। प्रधानमंत्री के मुताबिक अकेले सोलर ऊर्जा के इस्तेमाल से करीब 20 करोड़ टन कार्बन उत्सर्जन को रोका गया है। वहीं, भारत की विंड एनर्जी क्षमता तीन गुना हो गई है और हाइड्रो पावर क्षमता में भी काफी बढ़ोतरी हुई है।
फिर फंसे SpiceJet के यात्री! दिल्ली एयरपोर्ट पर उड़ानों का बुरा हाल, वजह ने बढ़ाई चिंता
पर्यावरण सुरक्षा में भारत की भूमिका पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति की है और पर्यावरण संरक्षण के लिए रिन्यूएबल एनर्जी को प्रमुख आधार बनाया गया है। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया को साथ लेकर पर्यावरण सुरक्षा के नए मापदंड स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने वैश्विक मंचों पर भारत के कम प्रति व्यक्ति कार्बन उत्सर्जन और बढ़ती रिन्यूएबल एनर्जी क्षमता का उल्लेख करते हुए हर भारतवासी से भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में योगदान देने का आह्वान किया।



















