बीजापुर में मुर्गा बाजार की आड़ में लाखों का जुआ,पुलिस की बड़ी रेड, 156 लोगों पर कार्रवाई, 20 लाख कैश और 47 चारपहिया वाहन जब्त

बीजापुर: दीपावली से पहले छत्तीसगढ़ के बीजापुर में पुलिस ने अवैध जुए के कारोबार पर बड़ा प्रहार किया है। भद्राकाली पुलिस ने रैगुड़ा जंगल में मुर्गा लड़ाई की आड़ में चल रहे लाखों रुपये के जुए के अड्डे पर अचानक दबिश देकर बड़े नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस की घेराबंदी में 156 लोग कार्रवाई की जद में आए। मौके से 20 लाख 1 हजार 200 रुपये नगद, 47 चारपहिया वाहन और 12 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
मुर्गा लड़ाई के नाम पर लाखों का दांव
पुलिस के मुताबिक, रैगुड़ा जंगल में मुर्गा बाजार की आड़ में बड़े पैमाने पर जुए का खेल संचालित किया जा रहा था। यहां मुर्गा लड़ाई के दौरान लाखों रुपये के दांव लगाए जा रहे थे। अवैध गतिविधियों की जानकारी मिलने के बाद भद्राकाली पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और मौके पर दबिश दी।
ये भी पढ़ें: रायपुर में जुए के अड्डे पर पुलिस की बड़ी रेड,12 गिरफ्तार,14.53 लाख का सामान जब्त
पुलिस की घेराबंदी, 156 लोग कार्रवाई की जद में
अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से जुआ खेलने और खिलाने वालों में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर मौजूद 156 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के खिलाफ हुई कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
20 लाख से ज्यादा कैश, 47 चारपहिया वाहन जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जुए में इस्तेमाल हो रही नकदी और मौके पर मौजूद अन्य सामान जब्त किया। जब्त सामग्री में शामिल हैं:
नगद रकम: 20 लाख 1 हजार 200 रुपये
चारपहिया वाहन: 47
मोबाइल फोन: 12
ये भी पढ़ें: रायपुर में जुए के बड़े फड़ पर पुलिस की दबिश,72 हजार कैश के साथ 14 गिरफ्तार
दीपावली से पहले पुलिस का बड़ा संदेश
त्योहारी सीजन में अवैध जुआ और गैरकानूनी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस की इस कार्रवाई को बड़ी सफलता माना जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों और वाहनों के खिलाफ कार्रवाई से जुआ कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।




















