शिवपुर शराब दुकान पर MRP से ज्यादा कीमत वसूलने का आरोप, कांग्रेस और ग्रामीणों ने तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनीमालवा तहसील के शिवपुर में शराब दुकान पर बोतलों पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) से ज्यादा कीमत वसूलने का मामला सामने आया है। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब बिक्री को लेकर भी शिकायत की गई है। इन मामलों में कार्रवाई की मांग करते हुए कांग्रेस आईटी सेल के विधानसभा अध्यक्ष दुर्गेश बैरागी सहित कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने तहसीलदार हीरु कुमरे को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि शिवपुर स्थित शराब दुकान पर ग्राहकों से शराब की बोतलों पर छपी कीमत से अधिक पैसे लिए जा रहे हैं। वहीं, आसपास के गांवों में भी कथित तौर पर अवैध शराब की बिक्री हो रही है। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि ऐसी गतिविधियों से आम लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है।
शराब दुकान पर ओवररेटिंग की निष्पक्ष जांच की मांग
ज्ञापन के माध्यम से शिकायतकर्ताओं ने शिवपुर शराब दुकान पर MRP से अधिक कीमत वसूलने के आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शराब बिक्री के निर्धारित मूल्य और बिल से संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जाए ताकि ग्राहकों से मनमानी वसूली न हो।इसके साथ ही आसपास के गांवों में अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने और इस कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है।
तीन दिन का अल्टीमेटम, कार्रवाई नहीं हुई तो करेंगे प्रदर्शन
कांग्रेस नेताओं और ग्रामीणों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय में उचित कार्रवाई नहीं होती है, तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। शिकायतकर्ताओं ने कहा कि इस मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी भी उन्हें उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने प्रशासन से जनहित के इस मुद्दे पर तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
सिवनी के जंगल में मिला बुजुर्ग का शव, सिर पर चोट के निशान; मवेशी चराने गए थे
कांग्रेस नेता और ग्रामीण रहे मौजूद
तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपने के दौरान विधानसभा कांग्रेस आईटी सेल अध्यक्ष दुर्गेश बैरागी, अभय यादव, अस्लीम अली, तोहोक यादव, दिलीप बंशकार, अशफाक अली, राधेश्याम वंशकार, सोनू दामाडे, गुरुशंकर, राहुल दायमा और शाहरुख खान सहित कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।




















