पूर्व CM के बेटे अमित जोगी 9 नवंबर को थाने में होंगे पेश, फरारी की खबरों पर पार्टी का पलटवार, बोली- निजी कार्यक्रम में प्रदेश से बाहर हैं

रायपुर: जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी के फरार होने की खबरों पर पार्टी ने पलटवार किया है। पार्टी ने इन खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताते हुए स्पष्ट किया है कि अमित जोगी फरार नहीं हैं, बल्कि पहले से निर्धारित निजी कार्यक्रम के चलते 2 से 8 नवंबर तक प्रदेश से बाहर हैं। पार्टी के मुताबिक, वे 9 नवंबर को छत्तीसगढ़ लौटने के बाद खुद थाने पहुंचकर पुलिस के सामने अपना पक्ष रखेंगे और जांच में सहयोग करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए विवादित वीडियो के बाद दर्ज FIR ने प्रदेश की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है।
फरारी की खबरों पर पार्टी का बड़ा बयान, 9 नवंबर की तारीख तय
अमित जोगी की अनुपस्थिति को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने अपना आधिकारिक पक्ष सामने रखा है। पार्टी का कहना है कि अमित जोगी का प्रदेश से बाहर रहना पहले से निर्धारित निजी कार्यक्रम का हिस्सा है। इसे पुलिस कार्रवाई या FIR से जोड़कर फरार होने की खबरें फैलाना गलत है। पार्टी ने साफ किया है कि अमित जोगी 9 नवंबर को छत्तीसगढ़ लौटेंगे और इसके बाद स्वयं थाने पहुंचकर जांच प्रक्रिया में शामिल होंगे।
प्रदेश संगठन महामंत्री ने थाना प्रभारी से की मुलाकात
मामले में पार्टी की ओर से प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने संबंधित थाना प्रभारी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अमित जोगी की ओर से ई-मेल के माध्यम से भेजा गया जवाब पुलिस को सौंपा और उनका पक्ष रखा। पार्टी ने कहा कि कानून का सम्मान करना उसकी प्राथमिकता है। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा जताते हुए जांच में सहयोग करने की बात कही है।
विवादित वीडियो से शुरू हुआ सियासी बवाल
पूरा विवाद अमित जोगी की ओर से सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो के बाद शुरू हुआ। वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सांकेतिक रूप से शादी और हनीमून के दृश्यों में दिखाया गया था। वीडियो सामने आने के बाद भाजपा नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई। भाजपा ने इसे प्रधानमंत्री और संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति की गरिमा के खिलाफ बताते हुए कार्रवाई की मांग की।
भाजपा नेताओं ने सिविल लाइंस थाने में दर्ज कराई शिकायत
वीडियो के विरोध में भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर के सिविल लाइंस थाने पहुंचकर अमित जोगी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस दौरान विधायक राजेश मूणत ने वीडियो की पटकथा तैयार करने वालों, कैमरामैन और इसमें भूमिका निभाने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो में प्रधानमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त के किरदारों को लेकर आपत्तिजनक बेडरूम दृश्य दिखाए गए हैं।
संबंधित खबर: रायपुर में मोदी-ज्ञानेश कुमार की निकली बारात, 2 फेरे होते ही पुलिस ने रुकवाई शादी, अमित जोगी का अनोखा प्रदर्शन
BNS और IT एक्ट की धाराओं में FIR, पुलिस जांच जारी
भाजपा की शिकायत के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 352, 353(2), 356(2) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। FIR में अमित जोगी समेत अन्य संबंधित व्यक्तियों के नाम दर्ज हैं। भाजपा नेताओं ने पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर 24 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग भी की थी।
अब 9 नवंबर पर टिकी निगाहें, थाने पहुंचेंगे अमित जोगी?
FIR दर्ज होने के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मामले को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें 9 नवंबर पर टिकी हैं, जब पार्टी के दावे के मुताबिक अमित जोगी छत्तीसगढ़ लौटकर खुद थाने पहुंचेंगे। अमित जोगी की पुलिस के सामने पेशी और जांच में उनकी भूमिका से इस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई की दिशा तय हो सकती है।




















