BSNL का स्वदेशी 4G नेटवर्क लॉन्च : PM मोदी ने झारसुगुड़ा से दी सौगात, 97,500 मोबाइल टावर का किया उद्घाटन

Follow on Google News
BSNL का स्वदेशी 4G नेटवर्क लॉन्च : PM मोदी ने झारसुगुड़ा से दी सौगात, 97,500 मोबाइल टावर का किया उद्घाटन
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    BSNL 4G Network: भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने अपनी स्थापना के 25 साल पूरे होने पर देश को बड़ा तोहफा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को ओडिशा के झारसुगुड़ा से बीएसएनएल के पूरी तरह स्वदेशी 4G नेटवर्क का शुभारंभ किया। इसी के साथ उन्होंने 97,500 से अधिक मोबाइल टावरों का उद्घाटन भी किया, जिनमें से 92,600 टावर 4G तकनीक पर आधारित हैं। करीब 37,000 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए गए ये टावर पूरी तरह भारतीय तकनीक से बनाए गए हैं।

    डिजिटल इंडिया विजन से जुड़ा अहम कदम

    पीएम मोदी ने लॉन्चिंग कार्यक्रम में कहा कि, यह पहल न सिर्फ भारत की टेलीकॉम ताकत को मजबूत करेगी, बल्कि डिजिटल इंडिया के सपने को साकार करने में भी बड़ी भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि, BSNL का स्वदेशी 4G नेटवर्क गांव-गांव तक बेहतर कनेक्टिविटी पहुंचाएगा और आने वाले समय में 5G अपग्रेड का रास्ता भी खोलेगा।

    20 लाख नए सब्सक्राइबर जुड़ने की उम्मीद

    अधिकारियों का कहना है कि इस लॉन्च के साथ बीएसएनएल को करीब 20 लाख नए ग्राहकों के जुड़ने की संभावना है। ग्रामीण और सीमावर्ती इलाकों तक डिजिटल पहुंच बढ़ाने के लिए 26,700 से ज्यादा गांवों को इस नेटवर्क से जोड़ा जाएगा, जिनमें ओडिशा के 2,472 गांव भी शामिल हैं।

    टेलीकॉम टेक बनाने वाले देशों की लिस्ट में भारत

    BSNL का 4G नेटवर्क पूरी तरह क्लाउड-बेस्ड है और इसे भविष्य में आसानी से 5G में अपग्रेड किया जा सकता है। इस लॉन्च के साथ भारत उन चुनिंदा देशों की कतार में शामिल हो गया है, जो अपने खुद के टेलीकॉम उपकरण का निर्माण और उपयोग करते हैं। इनमें डेनमार्क, स्वीडन, दक्षिण कोरिया और चीन शामिल हैं।

    हरित ऊर्जा पर आधारित टावर

    इस प्रोजेक्ट की एक बड़ी खासियत यह है कि, सभी मोबाइल टावर सौर ऊर्जा से संचालित होंगे। इससे यह भारत का सबसे बड़ा ग्रीन टेलीकॉम क्लस्टर बन जाएगा। इसका उद्देश्य सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को भी साधना है।

    ओडिशा की विकास यात्रा में अहम भूमिका

    पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि, ओडिशा को प्रकृति ने अपार संसाधन दिए हैं और यह दशक राज्य की समृद्धि का दशक होगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में ओडिशा में दो सेमीकंडक्टर यूनिट्स और एक सेमीकंडक्टर पार्क को मंजूरी दी गई है। इससे राज्य की विकास यात्रा और तेज होगी।

    BSNL की रजत जयंती पर खास तोहफा

    कंपनी के 25 साल पूरे होने पर यह लॉन्च न सिर्फ बीएसएनएल बल्कि पूरे देश के लिए ऐतिहासिक है। 100% 4G सैचुरेशन की दिशा में यह कदम ग्रामीण इलाकों, दूर-दराज और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होगा।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts