Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Earthquake :फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप, 5 की मौत; इमारतें ढहीं, सुनामी का खतरा बढ़ा

फिलीपींस के मिंडानाओ तट पर 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचा दी है। कई इमारतें गिरने से कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है। अमेरिका और स्थानीय एजेंसियों ने सुनामी की चेतावनी जारी की है। इंडोनेशिया और आसपास के देशों में भी अलर्ट जारी।
फिलीपींस में 7.8 तीव्रता का विनाशकारी भूकंप, 5 की मौत; इमारतें ढहीं, सुनामी का खतरा बढ़ा
फिलीपींस में 7.8 तीव्रता वाले भूकंप के झटके

दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ तट पर सोमवार सुबह आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी है। झटके इतने तेज थे कि कई इलाकों में इमारतें हिलने लगीं और कुछ जगहों पर ढह भी गईं। शुरुआती जानकारी के अनुसार इस प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 5 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। भूकंप के बाद हालात को देखते हुए फिलीपींस समेत पड़ोसी देशों इंडोनेशिया और जापान में भी सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है। तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने की अपील की गई है।

भूकंप का केंद्र और तीव्र झटके

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मिंडानाओ क्षेत्र के पास समुद्र में था और इसकी गहराई बेहद कम, लगभग 10 किलोमीटर दर्ज की गई है। कम गहराई वाले भूकंप आमतौर पर अधिक विनाशकारी माने जाते हैं क्योंकि इनका प्रभाव सतह पर ज्यादा तेज महसूस होता है। वहीं फिलीपींस के ज्वालामुखी और भूकंप विज्ञान संस्थान (फिवोल्क्स) के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने बताया कि भूकंप के झटके बेहद तीव्र थे और कई तटीय इलाकों में नुकसान की आशंका है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह का जोखिम न लें और तुरंत सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

इमारतें ढहीं, कई इलाकों में नुकसान की खबर

भूकंप के बाद दक्षिणी फिलीपींस के जनरल सैंटोस शहर से इमारतों के क्षतिग्रस्त होने की खबरें सामने आई हैं। स्थानीय रेडियो रिपोर्ट्स के अनुसार एक इमारत का बड़ा हिस्सा ढह गया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। कई छोटे कस्बों और गांवों में भी घरों में दरारें आने और दीवारें गिरने की सूचना मिली है। बचाव दल लगातार प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित निकालने का काम कर रहे हैं।

Breaking News

सुनामी की चेतावनी से बढ़ी चिंता

भूकंप के तुरंत बाद प्रशांत महासागर सुनामी चेतावनी केंद्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों ने अलर्ट जारी कर दिया। चेतावनी में कहा गया है कि तटीय इलाकों में एक मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जो भारी तबाही का कारण बन सकती हैं। इंडोनेशिया ने भी अपने कालीमंतन और सुलावेसी क्षेत्रों में सुनामी अलर्ट जारी किया है, जहां तीन मीटर तक ऊंची लहरों की आशंका जताई गई है। कई देशों के तटीय हिस्सों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थानीय प्रशासन और विशेषज्ञों की अपील

फिलीपींस आपदा प्रबंधन एजेंसियों ने लोगों से अपील की है कि वे समुद्र किनारे न जाएं और लगातार सरकारी निर्देशों का पालन करें। टेरेसिटो बाकोलकोल ने कहा कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए टीमें तैयार हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले कुछ घंटों में आफ्टरशॉक्स यानी छोटे भूकंप आने की संभावना बनी हुई है, इसलिए लोग सतर्क रहें और सुरक्षित जगहों पर ही रहें।

ये भी पढ़ें: इजरायल ने ट्रंप की चेतावनी को ठुकराया, ईरान पर किया बड़ा हवाई हमला; चार शहरों में जोरदार धमाके

पड़ोसी देशों में भी महसूस हुए झटके

भूकंप के झटके केवल फिलीपींस तक सीमित नहीं रहे, बल्कि इंडोनेशिया के उत्तरी सुलावेसी और मलुकु क्षेत्रों में भी महसूस किए गए। इसके अलावा ताइवान, जापान, गुआम और पापुआ न्यू गिनी तक हल्के झटके और समुद्री हलचल की आशंका जताई गई है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts