चक्रवात अर्नब से बदलेगा मध्य प्रदेश का मौसम! पूर्वी हिस्से में तेज बारिश के आसार, कई जिलों में अलर्ट

बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर मध्य प्रदेश के मौसम पर भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 से 30 अक्टूबर के बीच प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में कई जगह बारिश होने की संभावना है। 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है। तेज हवा और बारिश से खेतों में तैयार खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। कई इलाकों में धान की कटाई शुरू हो चुकी है। ऐसे में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से खेतों में खड़ी फसल गिर सकती है। वहीं, खलिहानों में रखी कटी हुई फसल भी भीग सकती है। किसानों को मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
29 अक्टूबर को पूर्वी MP में ज्यादा असर की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी मध्य प्रदेश में 28 से 30 अक्टूबर तक कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। 28 अक्टूबर को कहीं-कहीं भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, 29 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। 30 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 28 से 31 अक्टूबर के बीच कहीं-कहीं बारिश और तेज हवा का अनुमान है, हालांकि वहां पूर्वी हिस्से जैसी व्यापक बारिश की संभावना नहीं है।
चक्रवात अर्नब कैसे बदलेगा MP का मौसम?
बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना डीप डिप्रेशन चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ में बदल चुका है। इसके आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ने और 28 अक्टूबर को बापटला-विशाखापत्तनम के बीच तट पार करने का अनुमान है। तूफान के आगे बढ़ने के बाद इससे जुड़ा मौसम तंत्र मध्य भारत की ओर नमी ला सकता है। इसी वजह से छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान है।
रीवा-जबलपुर संभाग में धान की फसल पर संकट
मध्य प्रदेश के जबलपुर संभाग के बालाघाट, मंडला और आसपास के जिलों में धान की खेती बड़े पैमाने पर होती है। वहीं, रीवा संभाग में भी खरीफ की फसल खेतों में तैयार है। इस समय होने वाली बारिश से कटाई और फसल को सुरक्षित रखने का काम प्रभावित हो सकता है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में धान के अलावा सोयाबीन, मक्का, उड़द, अरहर और तिल जैसी खरीफ फसलें भी उगाई जाती हैं। तेज हवा और बारिश से इन फसलों पर भी असर पड़ सकता है।
सतना-रीवा में 28 से 30 अक्टूबर तक बारिश के आसार
चक्रवात के प्रभाव से सतना, रीवा और आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने और बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर हल्की, जबकि कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। मौसम में बदलाव के चलते दिन के तापमान में गिरावट और ठंड बढ़ने के भी आसार हैं।
पचमढ़ी में रात का तापमान 13 डिग्री
प्रदेश में बारिश की संभावना के बीच रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल रही है। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कटनी के करौंदी में 13.9 डिग्री, शहडोल के कल्याणपुर में 14.2 डिग्री, बालाघाट के मलाजखंड में 14.7 डिग्री और मंडला में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं, दिन के तापमान में भी करीब एक डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। उज्जैन, गुना, नर्मदापुरम, धार, ग्वालियर, इंदौर, खजुराहो और सागर में अधिकतम तापमान 35 से 35.5 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।




















