Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

आतंकवाद में नंबर-1 बना पाकिस्तान, 2025 में 1,139 लोगों की मौत; TTP सबसे घातक संगठन

ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2026 में पाकिस्तान को आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित देश बताया गया है। 2025 में यहां 1,139 लोगों की मौत हुई, जबकि TTP से जुड़ी मौतों का आंकड़ा 56 फीसदी रहा।
आतंकवाद में नंबर-1 बना पाकिस्तान, 2025 में 1,139 लोगों की मौत; TTP सबसे घातक संगठन

पाकिस्तान आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित देश बन गया है। ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2026 के मुताबिक, 2025 में पाकिस्तान में आतंकवादी हमलों की 1,045 घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 1,139 लोगों की मौत हुई। रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान में आतंकवाद से होने वाली मौतों में करीब 6 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। यह लगातार छठा साल रहा, जब देश में आतंकवाद से होने वाली मौतों का आंकड़ा बढ़ा।

दुनिया में आतंकवाद घटा, पाकिस्तान में बढ़ा

इंस्टीट्यूट फॉर इकोनॉमिक्स एंड पीस की ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2026 रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 में दुनियाभर में आतंकवादी हमलों से होने वाली मौतों में 28 फीसदी की कमी आई और यह आंकड़ा 5,582 रहा। वहीं, आतंकवादी घटनाओं की संख्या करीब 22 फीसदी घटकर 2,944 हो गई। इसके उलट पाकिस्तान में आतंकवाद का असर बढ़ता रहा। रिपोर्ट में पाकिस्तान को 2025 में आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित देश बताया गया है। देश में हमलों और उनसे होने वाली मौतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई।

TTP से जुड़ीं 56 फीसदी मौतें

रिपोर्ट के मुताबिक, तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान यानी TTP पाकिस्तान में आतंकवाद से होने वाली मौतों के लिए सबसे बड़ा जिम्मेदार संगठन रहा। 2025 में पाकिस्तान में आतंकवाद से हुई मौतों में 56 फीसदी का संबंध TTP से बताया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, TTP ने 2025 में 595 हमले किए। इन हमलों में 637 लोगों की मौत हुई। इस तरह पाकिस्तान के लिए TTP सबसे बड़ा आतंकवादी खतरा बनकर सामने आया।

Breaking News

बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सबसे ज्यादा असर

ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स के मुताबिक, पाकिस्तान के पश्चिमी हिस्से आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में 2025 के 74 फीसदी से ज्यादा आतंकवादी हमले हुए। वहीं, आतंकवाद से होने वाली कुल मौतों में 67 फीसदी मौतें इन्हीं इलाकों में दर्ज की गईं। रिपोर्ट में पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर बढ़ती हिंसा को भी इसकी प्रमुख वजहों में शामिल किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान में 2021 में तालिबान की वापसी के बाद सीमा के आसपास सक्रिय आतंकवादी संगठनों की गतिविधियां बढ़ीं।

BLA ने ट्रेन हाईजैक कर मचाई तबाही

रिपोर्ट में बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी यानी BLA की बढ़ती हिंसा का भी जिक्र किया गया है। 2025 में संगठन ने क्वेटा के पास रेलवे ट्रैक पर हमला कर एक यात्री ट्रेन पर कब्जा कर लिया था। रिपोर्ट के मुताबिक, इस ट्रेन में 442 लोग बंधक बनाए गए थे। इस हमले में 21 बंधकों, चार सैन्यकर्मियों और 33 विद्रोहियों की मौत हुई।

दक्षिण अफ्रीका में बार पर ताबड़तोड़ फायरिंग, मची चीख-पुकार, 17 की हुई मौत, 15 घायल, AK-47 लेकर आए थे हमलावर

पूर्व राजदूत हुसैन हक्कानी की प्रतिक्रिया

ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2026 में पाकिस्तान के आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित देश बनने पर अमेरिका में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत हुसैन हक्कानी ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि जब कोई अपने घर के पीछे सांप पालता है, तो एक दिन वही सांप घर के लोगों को भी डसता है। हक्कानी ने कहा कि पाकिस्तान ने करीब 50 साल पहले चरमपंथी जिहादी संगठनों को हथियार देना शुरू किया था। उनके मुताबिक, अब वही देश आतंकवादी हमलों से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों में सबसे ऊपर पहुंच गया है।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts