Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर को उड़ाने की धमकी, नागपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार

- बम स्क्वॉड की जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर को उड़ाने की धमकी, नागपुर पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को किया गिरफ्तार
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नागपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के नागपुर स्थित आवास को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद रविवार को पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी मिलने के कुछ ही घंटों के भीतर नागपुर पुलिस ने इस झूठी कॉल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी एक देसी शराब दुकान में काम करता है और मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा है।

    सुबह पुलिस कंट्रोल रूम को मिला धमकी भरा कॉल

    ये घटना रविवार सुबह 8:46 बजे की है जब पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के घर में बम लगाया गया है और वह जल्द ही फटने वाला है। इस कॉल के बाद पुलिस ने तुरंत हरकत में आते हुए प्रताप नगर थाने को सूचित किया और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई।

    बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड ने की सघन जांच

    जैसे ही कॉल की जानकारी मिली, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। गडकरी के घर और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। करीब एक घंटे चली जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने इसे फर्जी धमकी कॉल करार दिया और कॉल करने वाले की तलाश शुरू कर दी।

    आरोपी उमेश विष्णु राउत गिरफ्तार

    पुलिस ने कॉल की लोकेशन ट्रेस कर आरोपी की पहचान की। आरोपी का नाम उमेश विष्णु राउत है, जो नागपुर के बीमा दवाखाना क्षेत्र में रहता है और मेडिकल चौक स्थित एक देसी शराब दुकान में काम करता है। पुलिस ने उसे उसी इलाके से गिरफ्तार किया है।

    Twitter Post

    डीसीपी ने दी जानकारी

    नागपुर के डीसीपी रुशिकेश सिंगारेड्डी ने बताया कि पुलिस को सुबह एक फोन कॉल मिला, जिसमें कहा गया कि "नितिन गडकरी के घर में बम लगाया गया है।" सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और बम स्क्वॉड को बुलाकर जांच कराई गई। किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने के बाद कॉल को फर्जी करार दिया गया।

    पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने यह कॉल क्यों किया। आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी संदेह जताया जा रहा है और संभावना है कि उसे मानसिक जांच के लिए मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा जाए।

    गडकरी नागपुर में ही मौजूद

    घटना के वक्त केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी खुद नागपुर में ही मौजूद थे। पुलिस ने उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया है और उनके आवास के चारों ओर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...

    Latest Posts