Stock Market Today :शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 155 अंक टूटा, निफ्टी 26,125 के नीचे, बैंकिंग शेयरोंं पर दबाव

शेयर बाजार की शुरुआत लगातार तीसरे दिन गिरावट में हुई। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में 155 अंकों की गिरावट दर्ज की गई, जिससे निवेशकों में चिंता बढ़ गई है। निफ्टी भी 26,125 के स्तर से नीचे आ गया है। अधिक जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 155 अंक टूटा, निफ्टी 26,125 के नीचे, बैंकिंग शेयरोंं पर दबाव

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में आज लगातार तीसरे दिन की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। शुरुआती कारोबार में सुबह 9.36 बजे तक सेंसेक्स करीब 155.40 अंक टूटकर 84,902.92 के स्तर पर आ गया, जबकि निफ्टी 38.30 अंक की गिरावट के साथ 26,121.80 के स्तर ट्रेड है। बाजार पर दबाव का असर बैंकिंग और चुनिंदा लार्जकैप शेयरों में देखने को मिला। बीएसई बैंकएक्स मामूली 0.06 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67,512.03 पर कारोबार करता दिखा। वहीं सेंसेक्स 50 इंडेक्स 0.17 प्रतिशत फिसलकर 27,286.33 पर रहा। इसके उलट सेंसेक्स नेक्स्ट 50 में हल्की मजबूती दिखी और यह 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ 87,918.59 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि भारत 22 इंडेक्स में हल्की कमजोरी दर्ज की गई।

शेयरों की चाल की बात करें तो बाजार में चुनिंदा स्टॉक्स में अच्छी खरीदारी देखने को मिली। टाटा टेक्नोलॉजीज के शेयर करीब 5 प्रतिशत उछलकर 681.15 रुपए पर पहुंच गए। जेबीएमए, कॉनकॉर्ड बायोटेक, टाइटन और टाटा एलेक्सी के शेयरों में भी 3 से 4 प्रतिशत तक की मजबूती दर्ज की गई, जिससे बाजार को कुछ हद तक सहारा मिला। वहीं दूसरी ओर कई शेयरों में बिकवाली का दबाव साफ नजर आया। एसीआई के शेयर लगभग 4 प्रतिशत टूटे, जबकि सीएसबी बैंक, सैन्सेरा, इंडियन होटल्स और सिप्ला के शेयरों में 2 से 3 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई। इससे यह साफ हुआ कि निवेशक ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली को तरजीह दे रहे हैं।

कुल मिलाकर बाजार की चौड़ाई (मार्केट ब्रेड्थ) थोड़ी सकारात्मक देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में 3,129 शेयरों में ट्रेड होता दिखाई ददे रहा है, जिनमें 1,645 शेयर बढ़त में हैं जबकि 1,305 शेयरों में गिरावट है। 179 शेयरों में कोई खास बदलाव नहीं देखने में आया। इस दौरान 72 शेयर अपने 52 सप्ताह के उच्चतम स्तर पर जा पहुंचे, जबकि 37 शेयर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर फिसल गए। अपर सर्किट में 88 और लोअर सर्किट में 44 शेयर हैं। बाजार के कुल आकार की बात करें तो बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन करीब 479.28 लाख करोड़ रुपए या लगभग 5.32 ट्रिलियन डॉलर है। कुल मिलाकर आज के कारोबार में बाजार का रुख सतर्क बना हुआ है और निवेशक फिलहाल साफ दिशा मिलने का इंतजार करते नजर आ रहे हैं।

 

Aniruddh Singh
By Aniruddh Singh

अनिरुद्ध प्रताप सिंह। नवंबर 2024 से पीपुल्स समाचार में मुख्य उप संपादक के रूप में कार्यरत। दैनिक जाग...Read More

Latest Posts