CJP Protest:जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का दूसरे दिन भी धरना जारी, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़े

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हुए हैं और जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। आंदोलनकारियों ने छात्रों के हितों की रक्षा और पारदर्शी जांच की मांग उठाई है। वहीं, सरकार पर दबाव बनाने के लिए आंदोलन को और व्यापक करने की रणनीति भी बनाई जा रही है।
जंतर-मंतर पर रातभर डटे रहे प्रदर्शनकारी
CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके और उनके समर्थक शनिवार रात से जंतर-मंतर पर डटे हुए हैं। दिल्ली पुलिस द्वारा निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद भी प्रदर्शनकारी मौके पर बने रहे। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन स्थल पर लगातार नारेबाजी और समर्थन जुटाने का अभियान चलाया जा रहा है।
छात्रों और युवाओं से समर्थन की अपील
अभिजीत दीपके ने देशभर के छात्रों और युवाओं से आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने विशेष रूप से नीट री-एग्जाम देने वाले अभ्यर्थियों से परीक्षा के बाद जंतर-मंतर पहुंचने का आग्रह किया। उनका कहना है कि यह सिर्फ एक परीक्षा का नहीं, बल्कि पूरे शिक्षा तंत्र की विश्वसनीयता का मुद्दा है। आंदोलनकारियों का दावा है कि छात्र समुदाय का समर्थन लगातार बढ़ रहा है।
सोनम वांगचुक ने भी दिया समर्थन
शनिवार को सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी प्रदर्शन स्थल पहुंचे और आंदोलन के प्रति अपना समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो वह 27 जून से अनशन शुरू करेंगे। वांगचुक ने शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
ये भी पढ़ें: EPFO 3.0: PF खाताधारकों को बड़ी राहत, 75% रकम तुरंत निकालने की सुविधा; 100% निकासी का विकल्प भी बरकरार
सुविधाओं को लेकर भी उठाए सवाल
प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर पर मूलभूत सुविधाओं की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई। अभिजीत दीपके ने आरोप लगाया कि रात के समय सार्वजनिक शौचालयों में पानी की सप्लाई नहीं हुई। और कुछ समय के लिए लाइट भी बंद कर दी गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से आवश्यक सुविधाएं बहाल रखने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि शांतिपूर्ण आंदोलन के दौरान बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।












