Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Nagpur Rape Case : काला जादू और सम्मोहन के पानी का खुलेगा रहस्य, धर्मांतरण कर निकाह कराने वाला मप्र का मौलवी अरेस्ट

नागपुर में वायुसेना अधिकारी की पत्नी से रेप, ब्लैकमेलिंग और जबरन धर्मांतरण कराने के केस का तीसरा फरार आरोपी मौलाना मजरत महमूद भी पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। उसने सोनेगांव में पुलिस सरेंडर किया। गिरफ्तार मौलवी ने ही महिला का जबरन धर्मांतरण कराने और निकाह करवाने में मुख्य भूमिका निभाई थी।
काला जादू और सम्मोहन के पानी का खुलेगा रहस्य, धर्मांतरण कर निकाह कराने वाला मप्र का मौलवी अरेस्ट

नागपुर। भारतीय वायुसेना के एक अधिकारी की पत्नी के साथ नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग, आर्थिक शोषण और जबरन धर्म परिवर्तन कराने के आरोपों ने कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले में पुलिस को उस समय बड़ी सफलता मिली जब फरार चल रहा तीसरा और मुख्य आरोपी मौलाना मजरत महमूद मकसूद ने बुधवार देर रात नागपुर के सोनेगांव पुलिस स्टेशन में आत्मसमर्पण कर दिया।

सिर्फ धर्मांतरण नहीं करवा रहा था मौलाना

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में अय्याज मदारे और उसका सहयोगी अमीन शेख पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब मौलाना मजरत महमूद मकसूद की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है। जांचकर्ताओं का मानना है कि मौलाना की भूमिका केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं थी, बल्कि कथित धर्म परिवर्तन और जबरन निकाह की प्रक्रिया में उसकी अहम भागीदारी रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस मामले में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

ये भी पढ़ें: CG NEWS: खजाने की लालच में 21 लोगों की बलि की साजिश! 4 महीने में 8 मौतों से दहला बलौदाबाजार का गांव

पुरानी पहचान बनी साजिश की शुरुआत 

एफआईआर के मुताबिक, पीड़िता और मुख्य आरोपी अय्याज मदारे एक-दूसरे को पहले से जानते थे। दोनों कभी एक ही स्कूल में पढ़ते थे, जिसके कारण उनके बीच पुरानी पहचान थी। आरोप है कि 8 फरवरी 2025 को नागपुर के एक होटल में मुलाकात के दौरान अय्याज ने महिला के पेय पदार्थ में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। महिला के अचेत होने के बाद आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए। यही सामग्री बाद में ब्लैकमेलिंग का आधार बनी।

वीडियो के जरिए धमकियां 

शिकायत के अनुसार, आरोपी ने रिकॉर्ड किए गए वीडियो और तस्वीरों को सार्वजनिक करने तथा महिला के पति तक पहुंचाने की धमकी देकर लगातार दबाव बनाया। इसी डर का फायदा उठाकर उसने कथित तौर पर कई बार दुष्कर्म किया। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के साथ-साथ लगभग चार लाख रुपये भी जबरन वसूल लिए। पुलिस आर्थिक लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और बैंक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।

Featured News

‘काला जादू’ और सम्मोहन के दावों ने बढ़ाई गंभीरता 

मामले का एक वीडियो भी जांच एजेंसियों के हाथ लगा है, जिसमें पीड़िता रोती हुई दिखाई दे रही है और आरोपी से उसे छोड़ देने की गुहार लगा रही है। महिला का आरोप है कि अय्याज अक्सर किसी बोतल में संदिग्ध तरल पदार्थ लाता था और उसे पीने के लिए मजबूर करता था। इसके बाद वह कुछ धार्मिक मंत्र या शब्द पढ़ता था और इसे सम्मोहन तथा काला जादू बताकर मानसिक दबाव बनाता था। हालांकि इन दावों की वैज्ञानिक और कानूनी जांच अभी जारी है, लेकिन पुलिस ने वीडियो को महत्वपूर्ण साक्ष्य के रूप में अपने कब्जे में लिया है।

कलमेस्वर में कथित जबरन निकाह का आरोप 

पीड़िता के अनुसार, 31 मई को अय्याज मदारे और अमीन शेख उसे जबरन नागपुर के निकट कलमेस्वर ले गए। वहां मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के तामिया क्षेत्र से बुलाए गए मौलाना मजरत महमूद मकसूद ने कुछ धार्मिक प्रक्रियाएं कराईं। महिला का आरोप है कि उसे डराकर और दबाव बनाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध ‘कुबूल है’ कहलवाया गया। इसके बाद उसे बताया गया कि उसका धर्म परिवर्तन हो चुका है और अब वह आरोपी की पत्नी है।

ये भी पढ़ें: चंडीगढ़ कैशियर मर्डर केस : जम्मू से लाए जा रहे आरोपियों ने छीनी पिस्टल, पुलिस ने किया एनकाउंटर; दोनों के पैर में लगी गोली

निकाहनामा और नेटवर्क की तलाश में पुलिस 

जांच एजेंसियां अब कथित निकाहनामा और उससे जुड़े अन्य दस्तावेजों की तलाश कर रही हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने पहले भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम दिया था। मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और सोशल मीडिया गतिविधियों की गहन पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यदि किसी संगठित गिरोह या नेटवर्क की भूमिका सामने आती है तो मामले में और धाराएं जोड़ी जा सकती हैं।

Breaking News

अब तीनों आरोपी सलाखों के पीछे 

लंबे समय तक प्रताड़ना झेलने के बाद पीड़िता ने साहस दिखाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक-एक कर तीनों प्रमुख आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब जांच का फोकस साक्ष्यों को मजबूत करने, कथित धर्म परिवर्तन और निकाह से जुड़े दस्तावेजों की पुष्टि करने तथा पूरे मामले के पीछे मौजूद संभावित नेटवर्क का खुलासा करने पर है। इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं और पुलिस का दावा है कि जांच निष्पक्ष और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाई जाएगी।

Naresh Bhagoria
By Naresh Bhagoria

नरेश भगोरिया। 27 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हूं। माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता विश्ववि...Read More

Latest Posts