PlayBreaking News

मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, रेड अलर्ट जारी, स्कूल-कॉलेज में छुट्टी, सड़कों पर लंबा जाम, हेल्पलाइन नंबर जारी

Follow on Google News
मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, रेड अलर्ट जारी, स्कूल-कॉलेज में छुट्टी, सड़कों पर लंबा जाम, हेल्पलाइन नंबर जारी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    मुंबई। महाराष्ट्र में भारी बारिश का सिलसिला जारी है और कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। राजधानी मुंबई में रविवार रात से लगातार हो रही बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को भी मुंबई और आसपास के इलाकों में भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन स्कूल-कॉलेज बंद करने का आदेश दिया है और लोगों से घर में सुरक्षित रहने की अपील की गई है।

    Uploaded media

    चार घंटे में हुई रिकॉर्ड बारिश

    बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के अनुसार, सोमवार सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच मात्र चार घंटे में कई इलाकों में रिकॉर्ड स्तर की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक वर्षा चेंबूर अग्निशमन केंद्र परिसर में 140.80 मिमी दर्ज की गई। दादर में 139.60 मिमी, वडाला और वरली सी फेस में 133.20 मिमी, वरली आदर्श नगर में 128.80 मिमी, परेल में 116.80 मिमी और फ्रॉजबेरी जलाशय क्षेत्र में 118.80 मिमी बारिश हुई। इतनी कम अवधि में इतनी भारी वर्षा ने सड़कों पर जलभराव और यातायात जाम की स्थिति पैदा कर दी।

    Twitter Post

    एयरलाइंस ने यात्रियों को दी चेतावनी

    लगातार बारिश और सड़कों पर जमा पानी के चलते हवाई सेवाएं भी प्रभावित हुई हैं। इंडिगो एयरलाइंस ने यात्रियों को एडवाइजरी जारी कर कहा है कि एयरपोर्ट जाने वाले कई रास्तों पर यातायात धीमा है, इसलिए फ्लाइट पकड़ने वालों को समय से पहले निकलना चाहिए। साथ ही यात्रियों को फ्लाइट की स्थिति पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है। स्पाइसजेट ने भी खराब मौसम के कारण उड़ानों के प्रभावित होने की आशंका जताई है। कुछ उड़ानें देर से चल रही हैं और एक फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा।

    Uploaded media

    स्कूल-कॉलेजों में छुट्टी 

    भारी बारिश और जलभराव की स्थिति को देखते हुए मुंबई नगर निगम ने दोपहर बाद शुरू होने वाले सभी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे तभी घर से बाहर निकलें जब कोई बहुत आवश्यक काम हो। साथ ही किसी भी जरूरी जानकारी या मदद के लिए मुख्य नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क करने को कहा गया है।

    Twitter Post

    पुलिस और प्रशासन ने की अपील

    मुंबई पुलिस कमिश्नर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण दृश्यता कम हो रही है और कई इलाकों से जलभराव की खबरें हैं। ऐसे में नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल जरूरी होने पर ही बाहर निकलें। पुलिस और प्रशासनिक टीमें चौकसी पर हैं और आपात स्थिति में तुरंत मदद उपलब्ध कराई जाएगी। हेल्पलाइन नंबर 100, 112 और 103 पर आपात स्थिति में संपर्क किया जा सकता है।

    लोकल ट्रेनें लेट, सड़कों पर जाम

    मुंबई की जीवन रेखा कही जाने वाली लोकल ट्रेनें भी बारिश के कारण प्रभावित हो गई हैं। कई रूट्स पर ट्रेनें 15 से 20 मिनट की देरी से चल रही हैं। वहीं सड़कों पर जलभराव के चलते लंबा जाम लग गया है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमराई हुई है। भारी बारिश के चलते लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की चेतावनी दी गई है।

    Mithilesh Yadav
    By Mithilesh Yadav

    वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

    नई दिल्ली
    --°
    बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
    Source:AccuWeather
    icon

    Latest Posts