सीहोर में सीवन नदी को स्वच्छ रखने की पहल, सैकड़ों महिलाओं ने ली कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालने की शपथ

सीहोर। महिलाओं ने संकल्प लिया कि वे खुद नदी में कचरा और पूजन सामग्री नहीं डालेंगी और दूसरों को भी ऐसा करने से रोकेंगी। धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण की जिम्मेदारी निभाने का यह संदेश नदी संरक्षण अभियान की महत्वपूर्ण पहल बनकर सामने आया।
आस्था के साथ जिम्मेदारी का संकल्प
सीवन तट पर मौजूद महिलाओं को सीवन पुत्र प्रदीप चावड़ा ने संरक्षण की शपथ दिलाई। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि मां सीवन को स्वच्छ रखना केवल कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। नदी में पूजन सामग्री, प्लास्टिक और अन्य कचरा डालकर हम खुद अपनी आस्था के केंद्र को प्रदूषित कर रहे हैं। अब इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए सभी को आगे आना होगा।
केमिकल वाले दीपकों पर सीवन पुत्री ने उठाए सवाल
सीवन पुत्री ललिता कुशवाहा ने दीपदान के दौरान पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संदेश दिया। उन्होंने महिलाओं को समझाया कि केमिकलयुक्त बॉक्स में रखे आटे के दीपक नदी में प्रवाहित करने से जल प्रदूषण बढ़ता है और जलीय जीवों के लिए खतरा पैदा होता है। उन्होंने अपील की कि बिना केमिकल वाले सूखे आटे के दीपक ही नदी में प्रवाहित किए जाएं, ताकि जलीय जीव उन्हें भोजन के रूप में ग्रहण कर सकें और नदी की स्वच्छता भी बनी रहे। उनका संदेश साफ था कि पूजा-पाठ के नाम पर प्रकृति को नुकसान पहुंचाना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है।
महिला घाट पर रखे पात्रों में ही डालें पूजन सामग्री
सीवन पुत्र वैभव राठौर और प्रकाश यादव ने महिला घाट पर दीपदान करने पहुंचीं महिलाओं को नदी की स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार का कचरा और पूजन सामग्री नदी में न डालें। इसके लिए नदी तट पर विशेष पात्र रखे गए हैं, उन्हीं में सामग्री डालें। दो दिन पहले ही महिला घाट पर दो बड़े पूजन सामग्री पात्र स्थापित किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सामग्री विसर्जित करने के लिए उचित स्थान मिल सके।
धार्मिक आस्था का सम्मान भी जरूरी
कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं से यह भी आग्रह किया कि देवी-देवताओं की प्रतिमाएं, तस्वीरें और धार्मिक पुस्तकें नदी में फेंकने के बजाय निर्धारित मूर्ति संग्रहण स्थल पर सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखें। धार्मिक वस्तुओं का अपमान और नदी को प्रदूषित करना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।
सुबह से शाम तक सीवन की सेवा में जुटे प्रहरी
सीवन की स्वच्छता के लिए सीवन प्रहरी उदित जादवानी सुबह से शाम तक निस्वार्थ भाव से सेवाएं दे रहे हैं। वहीं सीवन पुत्र मुकेश कुशवाह, वीरेंद्र सिंह बिसोरिया, सुरेश भगत, मुकेश राय और अशोक नामदेव सहित अन्य कार्यकर्ता भी अभियान में सक्रिय रहे। इस पहल ने संदेश दिया कि नदी बचाने के लिए केवल भाषण और संकल्प पर्याप्त नहीं, बल्कि हर नागरिक को अपनी आदतों में बदलाव लाना होगा। मां सीवन को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की है।




















