Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

सीहोर में स्वास्थ्यकर्मियों ने विधायक और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विशेष भर्ती नीति बनाने की मांग

सीहोर में कोविड योद्धाओं ने पुनर्बहाली और स्वास्थ्य विभाग के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग उठाई। स्वास्थ्यकर्मियों ने विधायक सुदेश राय और कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर विशेष भर्ती नीति बनाने की मांग की।
सीहोर में स्वास्थ्यकर्मियों ने विधायक और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन, रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विशेष भर्ती नीति बनाने की मांग
स्वास्थ्यकर्मियों ने विधायक और कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

सीहोर। कोरोना महामारी के सबसे भयावह दौर में जब लोग संक्रमण के डर से घरों में कैद थे, तब अपनी जान जोखिम में डालकर मरीजों की सेवा करने वाले स्वास्थ्यकर्मी आज खुद रोजगार के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं। महामारी के दौरान स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ बनकर काम करने वाले इन कोविड योद्धाओं को सरकार ने बजट की कमी का हवाला देकर सेवा से बाहर कर दिया। अब वर्षों से बेरोजगारी की मार झेल रहे इन स्वास्थ्यकर्मियों ने सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते हुए पुनर्बहाली और रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विशेष भर्ती नीति बनाने की मांग उठाई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन विधायक सुदेश राय एवं जिलाधीश बालागुरु के को सौंपा गया।

दो साल तक संकट में निभाई जिम्मेदारी, फिर कर दिया बाहर

ज्ञापन में बताया गया कि कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के दौरान मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश ने 23 मार्च 2020 के आदेश के तहत जिला स्वास्थ्य समितियों के माध्यम से मेरिट के आधार पर अस्थायी स्वास्थ्यकर्मियों की नियुक्तियां की थीं। इनमें आयुष चिकित्सक, दंत चिकित्सक, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स, साइंटिस्ट और अन्य पैरामेडिकल कर्मचारी शामिल थे। इन सभी ने लगभग दो वर्षों तक बेहद कठिन परिस्थितियों में अपनी जिम्मेदारी निभाई। संक्रमण के खतरे के बीच मरीजों की जांच, उपचार और देखभाल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन 28 मार्च 2022 को बजट की कमी का हवाला देकर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी गईं। इसके बाद हजारों प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी रोजगार के लिए संघर्ष कर रहे हैं।

अस्पतालों में पद खाली, अनुभवी कर्मचारी बेरोजगार

कोविड योद्धाओं ने सरकार की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश के अनेक जिला चिकित्सालयों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकीय एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों के पद रिक्त पड़े हैं। स्वास्थ्य संस्थानों में कर्मचारियों की कमी के कारण व्यवस्थाओं पर दबाव बना हुआ है। इसके बावजूद महामारी के दौरान काम कर चुके प्रशिक्षित और अनुभवी कर्मचारियों को अवसर नहीं दिया जा रहा है। एक तरफ अस्पतालों में स्टाफ की कमी है, दूसरी तरफ उन्हीं सेवाओं को संभालने का अनुभव रखने वाले स्वास्थ्यकर्मी नौकरी के लिए भटक रहे हैं। यह स्थिति उन कर्मचारियों के साथ अन्यायपूर्ण है, जिन्होंने संकट के समय अपनी सेवाएं देकर सरकार की स्वास्थ्य व्यवस्था को संभालने में योगदान दिया था।

विशेष भर्ती नीति बनाकर रिक्त पदों पर किया जाए समायोजन

ज्ञापन के माध्यम से कोविड योद्धाओं ने मांग की कि सभी अस्थायी स्वास्थ्यकर्मियों की पुनर्बहाली की जाए। उनकी शैक्षणिक योग्यता और महामारी के दौरान प्राप्त अनुभव को प्राथमिकता देते हुए रिक्त पदों पर संविदा नियुक्ति एवं समायोजन का अवसर दिया जाए। इसके लिए सरकार अलग से विशेष भर्ती एवं समायोजन नीति तैयार करे, ताकि वर्षों से बेरोजगार बैठे इन कर्मचारियों को न्याय मिल सके। उन्होंने मांगों के निराकरण के लिए स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और कोविड योद्धाओं के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए उच्चस्तरीय समिति गठित करने की मांग भी रखी। समिति को निर्धारित समयसीमा में निर्णय लेकर लिखित आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया।

रोजगार ही नहीं, स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने का भी संकल्प

कोविड योद्धाओं ने कहा कि महामारी के दौरान उन्होंने अपने परिवार और जीवन की चिंता किए बिना प्रदेश की जनता की सेवा की थी। उस समय उनकी सेवाओं की जरूरत थी, लेकिन संकट समाप्त होते ही उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। आज वही कर्मचारी अपने परिवारों की आर्थिक जिम्मेदारियों और भविष्य की चिंता के बीच संघर्ष कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे केवल रोजगार की मांग नहीं कर रहे, बल्कि अपने अनुभव और योग्यता के आधार पर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत बनाने में दोबारा योगदान देना चाहते हैं। मुख्यमंत्री से अपील की गई है कि मामले को केवल बजट या प्रशासनिक प्रक्रिया तक सीमित न रखकर मानवीय दृष्टिकोण से देखा जाए और वर्षों से लंबित मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए।

सीहोर: गीली मिट्टी में जूते के निशान से पकड़ा गया शातिर चोर, पुलिस ने बरामद किए जनपद उपाध्यक्ष के घर से चोरी गए 20.75 लाख के गहने

ये पदाधिकारी रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रमुख रूप से डॉ. अंकित असाटी, संयोजक डॉ. अनिल पटेल, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद इरफान शेख, जिला अध्यक्ष सीहोर डॉ. जय नारायण वर्मा, डॉ. प्रदीप, श्वेता प्रजापति, शहनाज, अलका, स्टाफ नर्स राजकुमारी, संगीता सहित अन्य पदाधिकारी एवं कोविड योद्धा उपस्थित रहे। सभी ने सरकार से मांग की कि महामारी में दी गई सेवाओं और अनुभव का सम्मान करते हुए पुनर्बहाली की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाए।

Sunil Sharma
By Sunil Sharma

सुनील शर्मा, सीहोर जिला ब्यूरो, पीपुल्स समाचार ढाई दशक से पत्रकारिता में सक्रिय। दैनिक भास्कर, पत...

Latest Posts