Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

50 साल पुराना छठ घाट,नरैया तालाब की कहानी सुन भावुक हुईं 85 वर्षीय लखपति बाई

कभी अंधेरे में टॉर्च लेकर पहुंचती थीं महिलाएं, आज हजारों व्रतियों से जगमगा रहा घाट; चार पीढ़ियों के साथ आज भी छठ पूजा करने पहुंचती हैं लखपति बाई दुबे,
50 साल पुराना छठ घाट,नरैया तालाब की कहानी सुन भावुक हुईं 85 वर्षीय लखपति बाई

रायपुर: राजधानी रायपुर के टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में छठ महापर्व की रौनक देखते ही बनी। पांच दशकों से चली आ रही छठ पूजा की परंपरा के बीच हजारों व्रतियों ने रविवार शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे की भावुक कहानी ने सबका ध्यान खींचा। उन्होंने बताया कि पांच दशक पहले यहां छठ पूजा करना कितना कठिन था। आज भी वह चार पीढ़ियों के साथ इसी घाट पर पूजा करने पहुंचती हैं।

पांच दशक पुरानी परंपरा, हजारों व्रतियों ने दिया सूर्य को अर्घ्य

टिकरापारा स्थित नरैया तालाब में छठ महापर्व के तीसरे दिन श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पारंपरिक वेशभूषा में सजे छठ व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाट पहुंचे। सूर्यास्त के समय पूरे विधि-विधान से डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया गया। तालाब के आसपास आकर्षक सजावट, रोशनी और पूजा की व्यवस्थाओं ने पर्व की रौनक बढ़ा दी। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा छठ घाट भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया। 

संबंधित खबर: देशभर में छठ महापर्व की धूम, उगते सूर्य को अर्घ्य देते ही छठ महापर्व संपन्न, पीएम मोदी से लेकर कई मंत्रियों ने दी बधाई

टॉर्च की रोशनी में पहुंचती थीं महिलाएं, आज जगमगा रहा पूरा घाट

नरैया तालाब में पहली बार छठ पूजा करने वाली 85 वर्षीय लखपति बाई दुबे ने पुराने दिनों की यादें साझा कीं। उन्होंने बताया कि करीब 50 साल पहले उनके पति पुलिस विभाग में नौकरी करते थे और परिवार पुलिस लाइन के सरकारी क्वार्टर में रहता था। उस समय वह अकेले बच्चों को लेकर नरैया तालाब में छठ पूजा करने पहुंचती थीं। शाम और सुबह घाट तक पहुंचने के दौरान चारों तरफ घना अंधेरा रहता था। ऐसे में टॉर्च लेकर तालाब तक जाना पड़ता था। उन्होंने बताया कि उस समय तालाब के किनारे पक्के घाट नहीं बने थे। पूजा के दौरान तालाब से मछलियां बाहर आ जाती थीं और पूजा के सूप को मछलियों से बचाना भी एक बड़ी चुनौती होती थी।

'छत्तीसगढ़ महतारी की गोद में ही जिए हैं, यहीं समा जाएंगे'

लखपति बाई दुबे ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने आज तक छठ पूजा करने के लिए उत्तर प्रदेश या बिहार जाने की जरूरत महसूस नहीं की। वह छत्तीसगढ़ में ही रहीं, यहीं कमाया और इसी धरती पर जीवन बिताया।  उनके शब्दों में, छत्तीसगढ़ महतारी की गोद में ही कमाया है, उनकी गोद में ही खाया है और अब इसी धरती में समा जाएंगे। उन्होंने छत्तीसगढ़ को दुनिया की सबसे सुंदर और सुकून देने वाली जगह बताया। खास बात यह है कि उम्र के इस पड़ाव पर भी लखपति बाई दुबे छठ पूजा की परंपरा निभा रही हैं। वह आज चार पीढ़ियों के परिवार के सदस्यों को लेकर नरैया तालाब के छठ घाट पहुंचती हैं। 

संबंधित खबर: रायपुर में छठ का महाकुंभ,50 से ज्यादा घाटों पर उमड़ेगी आस्था,महादेव घाट पहुंचेंगे CM साय

पांच दशक से जारी है नरैया तालाब में छठ पूजा की परंपरा

नरैया तालाब छठ महापर्व आयोजन समिति के वीरेंद्र दुबे ने बताया कि यहां पिछले पांच दशकों से लगातार छठ पूजा का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जब रायपुर शहर में छठ पूजा के प्रमुख आयोजन आमा तालाब और व्यास तालाब तक सीमित थे, उसी दौर से नरैया तालाब में भी छठ व्रती महिलाएं पूजा-अर्चना करती आ रही हैं। समय के साथ यहां श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है और आयोजन का स्वरूप भी भव्य होता गया है। लेकिन पांच दशक पुरानी परंपरा और श्रद्धा आज भी बरकरार है। 

नगर निगम और पुलिस प्रशासन का मिला सहयोग

आयोजन समिति के अनुसार छठ पूजा की तैयारियों में रायपुर नगर निगम की ओर से लगातार सहयोग किया जाता है। घाट की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए निगम प्रशासन तथा समिति के सदस्य मिलकर काम करते हैं। इस बार घाट पर स्वागत द्वार, लाइटिंग, टेंट और भंडारे की व्यवस्था की गई। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी इंतजाम किए गए। आयोजन समिति ने साफ-सफाई के लिए नगर निगम प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस विभाग का आभार जताया।

संबंधित खबर: छठ महापर्व के तीसरे दिन आस्था का सैलाब: दिल्ली से पटना और भोपाल तक घाटों पर डूबते सूर्य को दिया पहला अर्घ्य

उगते सूर्य को अर्घ्य के साथ होगा छठ महापर्व का समापन

छठ महापर्व के चार दिवसीय अनुष्ठान के अंतिम दिन सोमवार, 16 नवंबर की सुबह व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके साथ ही व्रत का पारण कर छठ महापर्व का समापन होगा। नरैया तालाब छठ घाट पर सुबह अर्घ्य के बाद भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा। पांच दशक पुरानी परंपरा के साक्षी इस घाट पर एक बार फिर श्रद्धा, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा।

PREM

मै प्रेम निर्मलकर मैने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत दैनिक भास्कर से की, विगत 18 वर्षों से मुझे पत...

Latest Posts