CG NEWS;महादेव बेटिंग मामले में ED का बड़ा एक्शन: EbixCash चेयरमैन विकास गर्ग गिरफ्तार

प्रेम कुमार,रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी का आरोप है कि बेटिंग ऐप से जुड़े कथित अवैध धन को उनकी कंपनियों के जरिए निवेश और लेयरिंग कर वैध दिखाने की कोशिश की गई। इससे पहले ED करीब 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां भी कुर्क कर चुकी है।
महादेव केस में ED का बड़ा एक्शन
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले की जांच कर रही प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दिल्ली से EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को गिरफ्तार किया है। दिल्ली की अदालत से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद ED की टीम उन्हें रायपुर लेकर रवाना हो गई। बुधवार को उन्हें रायपुर की PMLA कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां एजेंसी पूछताछ के लिए रिमांड मांगेगी।
940 करोड़ की संपत्तियां पहले ही कुर्क
ED के मुताबिक, हाल ही में विकास गर्ग, उनके परिवार और उनके नियंत्रण वाली कंपनियों की करीब 940.77 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई थीं। एजेंसी का दावा है कि यह संपत्तियां कथित मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी हैं।
CG NEWS: विधानसभा में गरजा विपक्ष, उद्योग हादसों और खाद-बीज संकट पर हंगामा, वॉकआउट से गूंजा सदन
अवैध धन को कंपनियों में लगाने का आरोप
जांच एजेंसी का आरोप है कि महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप से जुड़े कथित अवैध धन को विकास गर्ग के नियंत्रण वाली कंपनियों में निवेश किया गया। इसके बाद कई कंपनियों के जरिए धन का लेयरिंग कर शेयर, सिक्योरिटीज और अन्य परिसंपत्तियां खरीदी गईं, ताकि रकम को वैध दिखाया जा सके।
तीन लिस्टेड कंपनियों से जुड़ा नाम
ED के अनुसार, विकास गर्ग तीन सूचीबद्ध कंपनियों—विकास इकोटेक लिमिटेड, विकास लाइफकेयर लिमिटेड और एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड—के प्रमोटर हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड के जरिए EbixCash में 64 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की गई।
CG NEWS: पद्मश्री तीजन बाई की विरासत को साय सरकार का बड़ा सम्मान, गांव से संग्रहालय तक अमर होगा नाम
जांच अभी जारी
ED का कहना है कि मामले में वित्तीय लेनदेन और अन्य कंपनियों की भूमिका की भी जांच जारी है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि कथित अवैध धन किन-किन माध्यमों से अलग-अलग कंपनियों में पहुंचा।












