Instagram Ad देखकर कराई थाईलैंड की बुकिंग, एयरपोर्ट पहुंची तो टिकट निकला फर्जी, इंदौर की युवती से 43 हजार की ठगी

इंदौर में सोशल मीडिया पर भरोसा करना एक युवती को भारी पड़ गया। इंस्ट्रग्राम पर दिखा एक सस्ता थाईलैंड ट्रिप का ऑफर युवती को इतना भरोसेमंद लगा कि उसने बिना ज्यादा शक किए अपनी बुकिंग करा ली, लेकिन उसे क्या पता था कि जिस ट्रिप के लिए वह हजारों रुपये खर्च कर रही है, वही उसके लिए साइबर ठगी का जाल बन चुकी है। आइए जानते है पूरी कहानी।
एरोड्रम क्षेत्र की इस युवती ने इंस्ट्रग्राम पर थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखा, जहां कम कीमत में फुकेट घूमने का ऑफर दिया गया था और कंपनी ने इंडिगो के साथ पार्टनरशिप होने का दावा भी किया। ऑफर पर भरोसा कर युवती ने बुकिंग कराई और आरोपियों के बताए खाते में अलग-अलग किस्तों में करीब 43 हजार रुपये जमा कर दिए। 6 जुलाई को जब वह पूरे उत्साह के साथ सामान लेकर इंदौर एयरपोर्ट पहुंची, तो एयरपोर्ट पर टिकट दिखाते ही उसके होश उड़ गए। जिस टिकट के भरोसे वह एयरपोर्ट पहुंची थी, वह इनवैलिड निकला। इसके बाद जब उसने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो सभी नंबर बंद मिले और कंपनी की ई-मेल आईडी भी गलत निकली। तब युवती को समझ आया कि सस्ते में विदेश घूमने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने उससे करीब 43 हजार रुपये ऐंठ लिए और उसकी पूरी बुकिंग ही फर्जी थी।
इंस्ट्राग्राम पर देखा था थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन
एरोड्रम पुलिस के मुताबिक, पूर्वा सिंह एक निजी कंपनी में काम करती हैं। उन्होंने इंस्ट्राग्राम पर ‘द टूरिंग साइट्स’ नाम से थाईलैंड ट्रिप का विज्ञापन देखा था। इसके बाद 19 अप्रैल को उनके व्हाट्सऐप नंबर पर मैसेज आया। इसमें थाईलैंड ट्रिप की पूरी जानकारी और किराए के बारे में बताया गया।
36 हजार में फुकेट ट्रिप का दिया झांसा
युवती ने जब ट्रिप की पूरी जानकारी मांगी तो आरोपियों ने करीब 36 हजार रुपये में फुकेट की यात्रा कराने की बात कही। इतनी कम कीमत सुनकर पूर्वा को शक हुआ। इस पर आरोपियों ने भरोसा दिलाने के लिए कहा कि उनकी कंपनी का इंडिगो फ्लाइट के साथ कोलैबोरेशन है। इसके बाद आरोपियों ने भुगतान के लिए लव गुप्ता नाम के व्यक्ति का बैंक अकाउंट दिया। पूर्वा ने 18 मई को इस खाते में 10,800 रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उन्हें दिल्ली से फुकेट के लिए 6 जुलाई की फ्लाइट का इनवॉइस भेजा गया।
इंदौर से दिल्ली की टिकट के नाम पर भी पैसे लिए
आरोपियों ने बाकी रकम 7 जून को देने की बात कही। साथ ही इंदौर से दिल्ली की फ्लाइट का भी ऑफर दिया गया। इसका किराया 11,200 रुपये बताया गया। युवती ने इस रकम का भुगतान भी कर दिया। इसके बाद 22 जून को पूर्वा ने व्हाट्सऐप पर आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन नहीं लगा। मैसेज का भी कोई जवाब नहीं मिला।
ये भी पढ़ें: क्राइम ब्रांच का डर दिखाया और 7 लाख लूटकर भागे,गिरोह में वकील भी
एयरपोर्ट पहुंची तो टिकट निकला फर्जी
6 जुलाई को पूर्वा थाईलैंड जाने के लिए टिकट लेकर इंदौर एयरपोर्ट पहुंचीं। यहां जांच के दौरान उनका टिकट इनवैलिड बताया गया। इसके बाद उन्होंने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सभी मोबाइल नंबर बंद मिले। ठगी का पता चलने के बाद पूर्वा ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई। जांच के बाद एरोड्रम पुलिस ने शुक्रवार को शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अब बैंक खाते और मोबाइल नंबरों की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। आगे से ध्यान रखें सोशल मीडिया पर दिखने वाले बेहद सस्ते ट्रैवल ऑफर पर तुरंत भरोसा न करें। बुकिंग से पहले कंपनी, टिकट और भुगतान की पूरी जानकारी जरूर जांच लें।












