Manisha Dhanwani
1 Nov 2025
Manisha Dhanwani
1 Nov 2025
मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस पर पूरे प्रदेश में खुशी और उत्साह का माहौल है। कहीं आतिशबाजी की जा रही है तो कहीं हजारों दीपक जलाकर राज्योत्सव मनाया जा रहा है।
स्थापना दिवस के मौके पर 500 कलाकार ने प्रस्तुति दी और दर्शकों को मनोरंजन का भरपूर अनुभव मिला। 2000 ड्रोन के जरिए मध्यप्रदेश की विकास यात्रा प्रदर्शित की गई। प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल ने लाइव प्रस्तुति दी और कार्यक्रम का समापन यादगार बनाया।
कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और मंत्री शामिल हुए जिनमें बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, भोपाल के प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप, मंत्री गौतम टेटवाल, मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, मंत्री कृष्णा गौर, विधायक रामेश्वर शर्मा, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय, नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी और बीजेपी जिलाध्यक्ष रविंद्र यती मंच पर मौजूद रहे।
नर्मदापुरम : सेठानी घाट पर 51 हजार दीपक जलाए गए और मां नर्मदा की आरती की गई।
उमरिया : सगरा मंदिर प्रांगण में 31 हजार दीप जलाकर लोगों ने स्थापना दिवस मनाया।
अमरकंटक
शनिवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अभ्युदय मध्यप्रदेश प्रदर्शनी और विजन डॉक्यूमेंट 2047 का शुभारंभ किया। इसी अवसर पर उन्होंने ई-सेवा एप भी लॉन्च किया।
सीएम ने पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 3 एमओयू पर साइन किए और हेलिकॉप्टर सेवा की शुरुआत की। इससे राज्य में पर्यटन और यातायात की सुविधाओं में सुधार होगा और लोगों को नई सेवाएं उपलब्ध होंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थापना दिवस के मौके पर रविंद्र भवन में आयोजित कार्यक्रम में “अभ्युदय मध्यप्रदेश” के तहत विकसित मध्यप्रदेश 2047 दृष्टि पत्र का अनावरण किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बताया कि इस विजन डॉक्यूमेंट को तैयार करने में चार लाख से अधिक लोगों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि साल 2025 को उद्योग और रोजगार वर्ष घोषित किया गया है। प्रदेश में साढ़े 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो चुका है। लगभग 94 हजार उद्योगों ने उत्पादन चालू किया है, जिससे 8 लाख से अधिक लोगों को रोजगार मिला है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने ई-सेवा नागरिक एप का भी शुभारंभ किया। इस एप के माध्यम से प्रदेश सरकार की 1700 से अधिक सेवाएं उपलब्ध होंगी। शुरुआत में 500 सेवाएं चालू की जा रही हैं।
मुख्य सचिव अनुराग जैन ने बताया कि तीन महीने के भीतर सभी सेवाओं के लिए आवेदन करने के बाद नागरिक ऑनलाइन सेवाएं प्राप्त कर सकेंगे। यह एप नागरिकों को सरकारी सेवाओं का त्वरित और आसान डिजिटल माध्यम उपलब्ध कराएगा।